Google Analytics —— Meta Pixel

SP ऑफिस के पास खौफनाक वारदात, सुलभ शौचालय में पत्नी-बेटी को जिंदा जलाने की कोशिश

Attempt to Burn Wife Daughter: छत्तीसगढ़ के गौरेला क्षेत्र में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी और 15 साल की बेटी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग स्थित दत्तात्रेय गार्डन परिसर के पास बने सुलभ शौचालय में हुई, जहां यह परिवार केयरटेकर के रूप में अस्थायी रूप से रह रहा था। आरोपी की पहचान प्रेम शंकर पांडे उर्फ शंकर पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें:- दुर्ग जिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद बवाल, जबरन नॉर्मल डिलीवरी कराने का आरोप

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से बिहार के रहने वाले प्रेम शंकर पांडे अपनी पत्नी पूजा पांडे और नाबालिग बेटी के साथ गौरेला में सुलभ शौचालय का संचालन और देखरेख का काम करता था। पीड़िता के मुताबिक आरोपी रोजाना शराब पीकर घर आता था और विवाद करता था। घटना की रात भी वह नशे में पहुंचा और झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर पत्नी और बेटी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी कहीं से पेट्रोल लाया और दरवाजे के नीचे की दरार से कमरे के भीतर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इतना ही नहीं, उसने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में इलाज, बर्न यूनिट नहीं

कमरे में अचानक आग भड़कने से मां-बेटी बुरी तरह झुलस गई। दोनों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने बाहर से दरवाजा खोला और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। हालांकि अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं होने के कारण उन्हें सामान्य वार्ड में अन्य मरीजों के साथ रखा गया है, जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर है और लगातार निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना मेडिकल मेमो के जरिए पुलिस को भेज दी है। (Attempt to Burn Wife Daughter)

हाई सिक्योरिटी जोन में वारदात

घटनास्थल जिला मुख्यालय और एसपी कार्यालय से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ठीक सामने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का कार्यालय और निवास, बगल में कलेक्टर निवास, कुछ दूरी पर पुलिस अधीक्षक का निवास, पास ही सर्किट हाउस, जहां घटना के दौरान मुख्यमंत्री का प्रवास था। जिले में स्थापना दिवस के चलते हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। ऐसे संवेदनशील और व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पारिवारिक रिश्तों पर दाग

घटना के पीछे आरोपी की शराब की लत को प्रमुख कारण माना जा रहा है। लगातार शराब पीकर घर में विवाद करने की बात सामने आई है। इस वारदात के बाद एक बार फिर राज्य की शराब नीति और अवैध शराब की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामूली घरेलू विवाद ने जिस तरह हिंसक रूप ले लिया, उसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पति के पत्नी और बेटी को जिंदा जलाने की कोशिश ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है। (Attempt to Burn Wife Daughter)

Back to top button
error: Content is protected !!