दुर्ग जिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद बवाल, जबरन नॉर्मल डिलीवरी कराने का आरोप

Durg District Hospital: छत्तीसगढ़ के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में शुमार दुर्ग जिला अस्पताल एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सवालों के घेरे में है। मदर चाइल्ड यूनिट में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही और जबरन प्रसव कराने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा। आक्रोशित परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- सौतेले पिता की दरिंदगी उजागर, 8 माह की गर्भवती हुई नाबालिग बेटी, मेले में भेष बदलकर भीख मांगते गिरफ्तार
भिलाई के मदर टेरेसा रोड की रहने वाली करिश्मा भारती (उम्र 20) 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे लेबर पेन होने पर जिला अस्पताल पहुंची थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। परिजनों के मुताबिक करिश्मा को प्रसव पीड़ा के दौरान इंजेक्शन दिए गए और बताया गया कि बच्चेदानी का मुंह नहीं खुला है, इसलिए उन्हें टहलने की सलाह दी गई। परिवार का आरोप है कि चार दिनों तक सामान्य प्रसव का इंतजार कराया गया। उनका कहना है कि उन्होंने बार-बार सिजेरियन डिलीवरी की मांग की, लेकिन डॉक्टरों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। (Durg District Hospital)
![]()
10 फरवरी को हुआ प्रसव, नवजात ICU में शिफ्ट
परिजनों के मुताबिक 10 फरवरी की सुबह करीब 3 बजे करिश्मा का सामान्य प्रसव कराया गया और उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। नवजात का वजन 3 किलो 229 ग्राम बताया गया। डिलीवरी के करीब 20 मिनट बाद बच्चे को ICU में शिफ्ट कर दिया गया। परिवार को बताया गया कि बच्चे ने गर्भ में गंदा पानी पी लिया था और जन्म के समय उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। पिता राजाराम भारती (उम्र 25) का आरोप है कि बाद में डॉक्टरों ने कहा कि बच्चे का सिर कमजोर है और उसकी हालत गंभीर है। मां का यह भी आरोप है कि प्रसव के दौरान बच्चे के मस्तिष्क में चोट लगने की बात कही गई।
अगले दिन सुबह दी गई मौत की सूचना
राजाराम के मुताबिक डॉक्टरों ने पहले ही कह दिया था कि बच्चे को ज्यादा दिन तक बचा पाना मुश्किल है। 11 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें अस्पताल बुलाकर बताया गया कि नवजात की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों की ओर से कहा गया कि बच्चा जन्म के समय से ही गंभीर स्थिति में था और कोमा जैसी अवस्था में था। नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। हंगामा बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। (Durg District Hospital)
मामले की जांच के लिए टीम गठित
परिवार ने आरोप लगाया है कि अगर समय रहते सही फैसला लिया जाता और उचित इलाज मिलता तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि नवजात को जन्म के समय सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसके कारण उसे एसएनसीयू में भर्ती किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत के बाद जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।



