Google Analytics —— Meta Pixel

मिड-डे मील या दवा का असर ?…बस्तर में अचानक बिगड़ी 24 छात्रों की तबीयत, जांच में जुटा प्रशासन

Students Sick in Bastar: बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के अरंडवाल प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 24 बच्चों की अचानक तबीयत खराब हो गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और कमजोरी की शिकायत हुई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर बच्चों ने मिड-डे मील में पत्ता गोभी की सब्जी खाई थी। खाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के तय कार्यक्रम के तहत बच्चों को एल्बेंडाजोल यानी पेट के कीड़ों की दवा और फाइलेरिया से बचाव की गोली भी दी गई।

यह भी पढ़ें:- साउथ ब्लॉक में आखिरी मोदी कैबिनेट बैठक कल, ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होगा पीएमओ

दवा खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टी और घबराहट होने लगी। धीरे-धीरे 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई। प्रभावित बच्चों में 10 लड़के और 14 लड़कियां शामिल हैं। जैसे ही स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों को बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली, तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरएमए राजेंद्र कुमार साहू समेत मेडिकल टीम स्कूल पहुंची और बच्चों की जांच शुरू की गई। मौके पर ही बच्चों को प्राथमिक इलाज दिया गया। ज्यादातर बच्चों की हालत इलाज के बाद सामान्य हो गई। (Students Sick in Bastar)

दूसरी कक्षा की 8 साल की छात्रा मंगली को ज्यादा कमजोरी महसूस होने पर एहतियातन तोकापाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है और निगरानी में इलाज चल रहा है। बाकी सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। जिला प्रशासन ने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। यह भी देखा जा रहा है कि भोजन बनाने और परोसने में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। साथ ही दवा बांटने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह दवा खाने के बाद सामान्य प्रतिक्रिया या घबराहट का मामला लग रहा है, लेकिन असली कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। (Students Sick in Bastar)

एल्बेंडाजोल क्या है और क्यों दी जाती है ?

घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में चिंता का माहौल है। कई परिजन स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे। प्रशासन ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अगर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। एल्बेंडाजोल एक दवा है, जो पेट में होने वाले कीड़ों को खत्म करने के लिए दी जाती है। स्कूलों में समय-समय पर बच्चों को यह दवा राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत दी जाती है, ताकि बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाया जा सके। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मामलों में दवा लेने के बाद हल्की उल्टी, चक्कर या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जो आमतौर पर कुछ समय बाद ठीक हो जाते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!