कोरबा में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति ने पत्नी, मां और बहन पर किया जानलेवा हमला, पहले भी जा चुका है जेल
Aattack in Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना सीतामणी वैष्णो दरबार बस्ती में नहर किनारे स्थित वैष्णव मंदिर के पास हुई। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनमें पत्नी की हालत बहुत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी रामेश्वर साहू ने चरित्र शंका और पैसों की मांग को लेकर अपनी पत्नी सुकृता साहू से विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी को कमरे में बंद कर चापड़ से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:- जमानत पर बाहर आते ही खूनी खेल, आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उतारा मौत के घाट, खुद भी फांसी लगाकर दे दी जान
कमरे के अंदर से आ रही चीख-पुकार से पूरे घर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पत्नी की चीख सुनकर आरोपी की मां सांवन साहू और बहन निर्मला साहू मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद होने के कारण उन्होंने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान आरोपी ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीनों लहूलुहान हो गई। घायल निर्मला साहू ने बताया कि वह अपनी दुकान पर थी, तभी घर से चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि उसका बड़ा भाई रामेश्वर साहू पत्नी पर जानलेवा हमला कर रहा था। बीच-बचाव करने पर उसने मां और उस पर भी वार कर दिया।

पड़ोसियों ने बचाई जान, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल डायल 112 और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पड़ोसियों ने घर में घुसकर किसी तरह घायलों को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक सुकृता साहू की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी रामेश्वर साहू मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। (Aattack in Korba)
पहले भी जा चुका है जेल
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और पैसों की मांग को लेकर अक्सर विवाद करता था। इसी आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक आरोपी रामेश्वर साहू पहले भी मारपीट के एक मामले में जेल जा चुका है। वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायल महिलाओं का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। (Aattack in Korba)



