Google Analytics —— Meta Pixel

भारत Vs पाकिस्तान मुकाबले में हुई रिकॉर्ड्स की बरसात, ये रहे मुकाबले के टॉप और यादगार मोमेंट्स

India Pakistan Match Record: T-20 वर्ल्ड कप के दौरान कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स, रोमांच और यादगार पलों से भरी कहानी बन गया। भारतीय टीम ने 61 रन से जीत दर्ज कर जहां अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की, वहीं पाकिस्तानी टीम के खिलाफ कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी अपने नाम कर ली। मुकाबला आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान पर यह भारत की सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले भारत ने 2007 में 5 रन और 2024 में 6 रन से पाकिस्तान को हराया था, लेकिन 61 रन का अंतर नया रिकॉर्ड बन गया।

यह भी पढ़ें:- T-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री

T-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी। इससे पहले 2014 में वेस्टइंडीज ने उसे 84 रन से हराया था। पाकिस्तान ने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ 20 में से 18 ओवर स्पिन गेंदबाजों से फिंकवाए। किसी एक पारी में स्पिनर्स से इतने ज्यादा ओवर कराने का यह संयुक्त विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले 2012 में भी कोलंबो में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा किया था। ईशान किशन ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर भारत-पाक T-20 वर्ल्ड कप मैचों में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 32 गेंद में इफ्तिखार अहमद (2022) के नाम था। (India Pakistan Match Record)

ईशान किशन का 77 रन का स्कोर टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले सबसे बड़ी 82 रन की नाबाद पारी विराट कोहली के नाम है,जिन्होंने 2022 में मेलबर्न में खेली थी। अभिषेक शर्मा इस कैलेंडर ईयर में चौथी बार शून्य पर आउट हुए। वे एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। पहले नंबर पर संजू सैमसन हैं, जो 2024 में 5 बार शून्य पर पवेलियन लौटे थे।

मुकाबले के टॉप मोमेंट्स

ईशान का शॉट और तिलक को लगी गेंद- भारतीय पारी के चौथे ओवर में ईशान किशन ने लॉन्ग ऑन की दिशा में जोरदार शॉट खेला। गेंद नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े तिलक वर्मा के पैड्स पर जा लगी। कुछ क्षण के लिए मैदान पर सन्नाटा छा गया, हालांकि तिलक पूरी तरह फिट रहे और खेल जारी रखा। ओपनर अभिषेक शर्मा लगातार दूसरे मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हो गए। पहले मैच में वे अली खान का शिकार बने थे और इस मैच में सलमान अली आगा ने उन्हें पवेलियन भेजा।

पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक जब 11वें ओवर में गेंदबाजी करने आए तो भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनकी पहली ही गेंद पर मिडविकेट की दिशा में चौका जड़ दिया। मैच से पहले उनके बॉलिंग एक्शन और स्पिन को लेकर काफी चर्चा थी। 15वें ओवर में तिलक वर्मा ने अपनी ही गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी का कैच छोड़ दिया। उस समय शाहीन 5 रन पर थे। बाद में उन्होंने 23 रन बनाकर कुछ देर तक मुकाबले में रोमांच बनाए रखा। (India Pakistan Match Record)

हार्दिक पंड्या के 18वें ओवर में शाहीन शाह अफरीदी को दो बार जीवनदान मिला। पहली गेंद पर ईशान किशन विकेट के पीछे कैच नहीं पकड़ सके। दूसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने लॉन्ग ऑन पर आसान कैच छोड़ दिया, जो छक्का बन गया। हालांकि इन चूकों का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक को बोल्ड कर मुकाबला समाप्त कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जोरदार जश्न मनाया। (India Pakistan Match Record)

भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की। पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई। नेट रन रेट में भारत को बड़ा फायदा हुआ। इस जीत ने भारत को मनोवैज्ञानिक बढ़त भी दिलाई। यह मुकाबला लंबे समय तक याद रखा जाएगा, क्योंकि रिकॉर्ड्स, रोमांच, विवाद और दमदार प्रदर्शन सब कुछ एक ही मैच में देखने को मिला। भारत ने न सिर्फ अंक तालिका में बढ़त बनाई, बल्कि अपने अभियान को भी नई मजबूती दी। T-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में भारत का अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के साथ होगा। यह मैच 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह भारत की ग्रुप-ए में अंतिम लीग चरण की भिड़ंत है।

Back to top button
error: Content is protected !!