भोले बाबा की बारात में बवाल, दुर्ग में 17 साल के नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

Crime increased in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकाली गई भोले बाबा की बारात के दौरान विवाद हो गया, जो इतना बढ़ा कि 17 साल के नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना दुर्ग के मोहननगर थाना क्षेत्र स्थित शांति नगर शिव मंदिर के सामने सोमवार रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान नानू उर्फ छय के रूप में हुई है, जो शांति नगर का रहने वाला था। मृतक शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि के मौके पर दो दिन से चल रही भगवान की बारात में वह अपने दोस्तों के साथ नाच-गाना कर रहा था।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनजातीय समाज का सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
इसी दौरान 16 फरवरी की शाम कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवकों ने जेब से चाकू निकालकर नानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट, सिर और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम था। जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले नानू का कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। (Crime increased in Durg)
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से मंगाए गए प्रतिबंधित हथियार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बड़ी संख्या में लोग मोहननगर थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने देर रात 4 से 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इधर, दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित धारदार हथियार मंगाने और उसकी डिलीवरी कराने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक 20 जनवरी 2026 को उतई क्षेत्र में लवण यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर पोषण यादव पर धारदार हथियार से हमला किया था।
सार्वजनिक स्थलों पर हथियार लहराने वालों पर शिकंजा
जांच के दौरान सामने आया कि हथियार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मीशो के माध्यम से मंगाया गया था। पुलिस ने पाया कि कूरियर एजेंसी को प्रतिबंधित सामग्री की जानकारी होने के बावजूद डिलीवरी की गई। इस मामले में रोशन सिंह राजपूत और तामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है। दुर्ग पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि डबरा पारा भिलाई-3, न्यू बालाजी नगर कुर्सीपार, बैरागी मोहल्ला छावनी और मिनीमाता नगर क्षेत्रों में कुछ युवक हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं और पैसों की मांग कर रहे हैं। (Crime increased in Durg)
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से धारदार हथियार बरामद किए हैं। वहीं तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। शेष आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान नाबालिग की हत्या की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे हथियारबंदी और ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित सामग्री की उपलब्धता के मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस सभी मामलों में गहन जांच कर रही है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



