कर्ज में डूबा ट्रक मालिक बना चोर, 900 कट्टा सरकारी धान गायब करने वाले 4 गिरफ्तार

Balod Paddy Truck Stolen: बालोद जिले में सरकारी धान से भरे ट्रक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 16 जनवरी को मालीघोरी गांव से संग्रहण केंद्र ले जाए जा रहे 900 कट्टा धान से भरा ट्रक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया था। जांच में ट्रक से 280 कट्टा यानी करीब 112 क्विंटल धान कम पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कोरगुडा गांव के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें:- प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी का 17 साल बाद खौफनाक अंत, पत्नी ने पति को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
गिरफ्तार आरोपियों में नेतराम देवांगन (37), काशीराम देवांगन (32), तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला (25) और धर्मेंद्र धनकर (27) शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले का खुलासा करते हुए एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक का जीपीआरएस तोड़ दिया था और वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक को दमकसा बडभूम में छोड़ दिया। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन के पास दो ट्रक हैं और वह उनकी किस्त नहीं चुका पा रहा था। फाइनेंस कंपनी का दबाव बढ़ने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।

आरोपियों ने 900 में से 280 कट्टा धान अपने दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया और सरकारी बारदाने बदलकर धान को लोकल बोरों में भर दिया, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान, वारदात में प्रयुक्त ट्रक और एक बाइक जब्त की है। बरामद धान का वास्तविक वजन धर्मकांटा में तौल के बाद स्पष्ट होगा। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी बोनीफास एक्का, थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य की टीम की विशेष भूमिका रही। कर्ज की किस्त चुकाने के लिए खुद ट्रक मालिक की रची गई इस साजिश का पुलिस ने तकनीकी जांच के दम पर पर्दाफाश कर दिया है। सभी आरोपी फिलहाल सलाखों के पीछे हैं और मामले की आगे की जांच जारी है। (Balod Paddy Truck Stolen)



