Google Analytics —— Meta Pixel

T20 World Cup 2026: सुपर-8 के पहले मुकाबले में भारत की सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने 76 रन से दी शिकस्त

T20 World Cup 2026: अहमदाबाद में खेले गए T-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के पहले मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के साथ भारत का ICC टूर्नामेंट में 2023 के बाद से चला आ रहा अजेय अभियान भी थम गया। साथ ही T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह भारत की सबसे बड़ी हार साबित हुई। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में भारतीय टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गई।

यह भी पढ़ें:- हाईवे से नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 18 लोगों की मौत, 25 घायल, मृतकों में विदेशी भी शामिल

यह हार रन के अंतर के लिहाज से T-20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2010 में ऑस्ट्रेलिया ने 49 रन और 2016 में न्यूजीलैंड ने 47 रन से भारत को हराया था। T-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी हार भी है। सबसे बड़ी हार 2019 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन से मिली थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 111 रन पर सिमटना T-20 वर्ल्ड कप में भारत का तीसरा सबसे कम स्कोर है। सबसे कम स्कोर 79 रन का था, जो 2016 में न्यूजीलैंड के साथ खेले गए मैच में बने थे। जबकि 2021 में दुबई में भी न्यूजीलैंड ने भारत को 110/7 तक रोका था। (T20 World Cup 2026)

भारतीय बल्लेबाज बड़े मुकाबले में दबाव नहीं झेल सके और पूरी टीम निर्धारित ओवरों से पहले पवेलियन लौट गई। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद भारत ICC टूर्नामेंट में लगातार 18 मैचों तक अजेय रहा था। अहमदाबाद में मिली इस हार ने उस शानदार सिलसिले को तोड़ दिया। मल्टी-नेशन T-20 इंटरनेशनल टूर्नामेंट की बात करें तो भारत 2022 T-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हारने के बाद पहली बार किसी बड़े T-20 टूर्नामेंट में पराजित हुआ। इस दौरान टीम ने 23 मैच खेले, जिसमें 21 जीते (एक सुपर ओवर में), एक हारा और एक मुकाबला बेनतीजा रहा। इसके अलावा T-20 वर्ल्ड कप में भारत का 12 मैचों का लगातार जीत का क्रम भी इस हार के साथ समाप्त हो गया।

बुमराह बने भारत के सबसे सफल गेंदबाज

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। इसी के साथ वह T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 33 विकेट लेकर अर्शदीप सिंह और रविचंद्रन अश्विन (दोनों 32-32 विकेट) को पीछे छोड़ा। सूची में आगे हार्दिक पांड्या (29 विकेट) और रवींद्र जडेजा (22 विकेट) शामिल हैं। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने T-20 इंटरनेशनल में लगातार 18 पारियों में विकेट लेकर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अर्शदीप सिंह (17) का रिकॉर्ड तोड़ा। इस सूची में आशीष नेहरा (13) और वाशिंगटन सुंदर (11) भी शामिल हैं। (T20 World Cup 2026)

मिलर का भारत के खिलाफ धमाका

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने 63 रन की तूफानी पारी खेली और सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। मिलर अब भारत के खिलाफ T-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 26 पारियों में 39 छक्के लगाए और ग्लेन मैक्सवेल (38) को पीछे छोड़ा। तीसरे स्थान पर निकोलस पूरन (35 छक्के) हैं। सबसे तेज फिफ्टी की सूची में उनसे आगे लिटन दास (21 गेंद), हेनरिक क्लासेन (23 गेंद) और ट्रैविस हेड(24 गेंद) हैं। दिलचस्प बात यह रही कि इन तीनों मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की थी, लेकिन मिलर की तेज फिफ्टी वाला मैच टीम इंडिया हार गई। (T20 World Cup 2026)

अहमदाबाद में मिली यह हार भारत के लिए कई मायनों में झटका साबित हुई। एक ओर जहां जीत का लंबा सिलसिला टूटा, वहीं T-20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। हालांकि बुमराह और वरुण जैसे गेंदबाजों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड टीम के लिए सकारात्मक संकेत भी लेकर आए हैं। अब भारत को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए मजबूत वापसी करनी होगी। T-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में भारत का अगला मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को शाम 7 बजे चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में जीतना भारत के लिए जरूरी है, क्योंकि अगर इस मुकाबले में हार मिली तो भारत सुपर-8 से बाहर हो सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!