Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव का शेड्यूल जारी, 26 फरवरी को अधिसूचना, 90 विधायक करेंगे मतदान

Rajya Sabha Election 2026: छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने इन सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की कुल 5 सीटें हैं। इनमें से 2 सीटें 9 अप्रैल 2026 को खाली हो जाएंगी। यह सीटें वर्तमान राज्यसभा सदस्य कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल पूरा होने के कारण रिक्त हो रही हैं। इन दोनों पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को इस संबंध में कार्यक्रम जारी किया। तय कार्यक्रम के मुताबिक 26 फरवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ का बजट 2026-27 में GYAN और GATI को बढ़ाते हुए SANKALP पर बल

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार 26 फरवरी से 5 मार्च तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्र छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में निर्धारित स्थान पर रिटर्निंग ऑफिसर, सचिव छत्तीसगढ़ विधानसभा के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 मार्च 2026 सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। (Rajya Sabha Election 2026)

शाम 5 बजे से मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्यसभा चुनाव में जनता सीधे मतदान नहीं करती है। इस चुनाव में सिर्फ विधायक मतदान करते हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के कुल 90 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्तमान विधानसभा संरचना के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के 54, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के 1 विधायक मतदान में हिस्सा लेंगे। मतदान गोपनीय मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा। इस चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में दो नए सदस्यों का चयन होगा।

राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के दो नए प्रतिनिधि

इस तरह छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। 16 मार्च को मतदान और मतगणना के बाद प्रदेश को राज्यसभा में दो नए प्रतिनिधि मिल जाएंगे। राजनीतिक दलों की संख्या बल को देखते हुए मुकाबला रोचक रहने की संभावना है। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और संभावित उम्मीदवारों पर टिकी हुई हैं। बता दें कि राज्यसभा में अधिकतम कुल 245 सदस्य हो सकते हैं। 233 सदस्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करते हुए निर्वाचित होते हैं। 12 सदस्यों को भारत के राष्ट्रपति की ओर से नामित किया जाता है, जो कला, साहित्य, विज्ञान और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़े होते हैं। (Rajya Sabha Election 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!