Google Analytics —— Meta Pixel

अलग रहने के विवाद ने ली दो जिंदगियां, होली से पहले पति-पत्नी ने एक ही फंदे से लगाई फांसी, एक साल पहले हुई थी शादी 

Couple Committed Suicide: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सरकंडा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी का शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटकता मिला। जांच में दोनों के आत्महत्या करने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा के रहने वाले प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। दोनों चिंगराजपारा स्थित कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। प्रकाश रोजी-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में होली पर हाई अलर्ट, रायपुर से बस्तर तक कड़ी सुरक्षा, हजारों जवान तैनात

बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर दिलहरण यादव से अलग रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई। विवाद के बाद दोनों अलग रहने के लिए राजी भी हो गए और उन्होंने अपना सामान भी पैक कर लिया। इसके बाद दंपती घर से बाहर निकले। देर रात सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास सड़क किनारे एक नीम के पेड़ पर दोनों ने एक ही कपड़े के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब राहगीरों ने पेड़ पर शव लटकता देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। 

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के गले में एक ही कपड़े का फंदा लगा हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (Couple Committed Suicide)

Surajpur Student Suicide
फाइल फोटो

सरकंडा पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी घर से घूमने के लिए निकले थे, जबकि पिता घर में सो रहे थे। इसी दौरान दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक साल पहले सात फेरे लेकर साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाला दंपती आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति में पहुंच गया कि उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ा-यह सवाल अब भी बना हुआ है। (Couple Committed Suicide)

Back to top button
error: Content is protected !!