Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट में तनाव से कच्चा तेल हुआ महंगा, ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर के पार, सरकार बोली- भारत में नहीं बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम

Crude Oil Prices Increased: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतें साढ़े तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं। रविवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गई। इसके बाद शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज पर ट्रेडिंग शुरू होते ही ब्रेंट क्रूड में जोरदार उछाल देखा गया और यह करीब 16.5% बढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को इसकी कीमत 93 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई थी।

यह भी पढ़ें:- ईरान को मिला नया सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मुजतबा बने उत्तराधिकारी, पिता की मौत के दो हफ्ते बाद ऐलान

बता दें कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के सिर्फ 10 दिनों के भीतर ही कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 48% तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। हालांकि भारत सरकार ने कहा है कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है, इसलिए फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है। तेल की कीमतों में अचानक उछाल का सबसे बड़ा कारण खाड़ी क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था का प्रभावित होना है। दुनिया के कुल तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। ईरान से जुड़े युद्ध के कारण इस समुद्री मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे तेल की सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ा है। (Crude Oil Prices Increased)

9 दिनों में कच्चे तेल का दाम

तारीख कच्चे तेल की कीमत
28 फरवरी 93 डॉलर प्रति बैरल
8 मार्च 108 डॉलर प्रति बैरल

खाड़ी देशों से होने वाली कच्चे तेल की सप्लाई लगभग ठप हो गई है। इसके अलावा यूएई और कुवैत जैसे बड़े तेल उत्पादक देशों ने भी उत्पादन कम करना शुरू कर दिया है, क्योंकि सप्लाई रूट बाधित होने से तेल का निर्यात करना मुश्किल हो रहा है। भारत सरकार ने 8 मार्च को कहा कि देश में कच्चे तेल की कोई कमी नहीं होगी। सरकार के मुताबिक भारत के पास कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का लगभग 25 करोड़ बैरल यानी करीब 4,000 करोड़ लीटर से ज्यादा का भंडार मौजूद है। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक यह बैकअप इतना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय सप्लाई पूरी तरह रुक भी जाए, तब भी देश की पूरी तेल आपूर्ति प्रणाली 7 से 8 हफ्तों तक बिना किसी समस्या के चल सकती है।

रूस से भी कच्चा तेल खरीदेगा भारत

सरकार ने यह भी कहा है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। तेल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भारत को एक और राहत मिली है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने भारतीय रिफाइनरियों को 30 दिन का विशेष लाइसेंस दिया है, जिसकी वैधता 3 अप्रैल तक रहेगी। इस लाइसेंस के जरिए भारत रूस से कच्चा तेल खरीद सकता है। इससे देश में कच्चे तेल की आपूर्ति बनी रहेगी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव कम रहेगा। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल के आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले चार सालों से पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगभग स्थिर बनी हुई हैं। देश के बड़े शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिलता है। (Crude Oil Prices Increased)

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम

शहर पेट्रोल (प्रति लीटर) डीजल (प्रति लीटर)
भोपाल ₹106.47 ₹91.84
जयपुर ₹104.88 ₹90.36
कोलकाता ₹103.94 ₹90.76
मुंबई ₹103.44 ₹89.97
चेन्नई ₹100.75 ₹92.34
रायपुर ₹100.39 ₹93.33
दिल्ली ₹94.72 ₹87.62
चंडीगढ़ ₹94.24 ₹82.40

फरवरी 2022 से फरवरी 2026 के बीच दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 0.67% की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत पाकिस्तान में इसी अवधि में पेट्रोल की कीमतें 55% तक बढ़ी हैं, जबकि जर्मनी में यह लगभग 22% महंगा हुआ है। इसी बीच केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। अब दिल्ली में यह सिलेंडर 853 रुपए से बढ़कर 913 रुपए का हो गया है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114 से 115 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1883 रुपए हो गई है। नई दरें 7 मार्च से लागू हो चुकी हैं। (Crude Oil Prices Increased)

बड़े शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम

शहर नए दाम पुराने दाम अंतर
पटना ₹1011.00 ₹951.00 ▲₹60
रायपुर ₹984.00 ₹924.00 ▲₹60
कोलकाता ₹939.00 ₹879.00 ▲₹60
चेन्नई ₹928.50 ₹868.50 ▲₹60
भोपाल ₹918.50 ₹858.50 ▲₹60
जयपुर ₹916.50 ₹856.50 ▲₹60
दिल्ली ₹913.00 ₹853.00 ▲₹60
मुंबई ₹912.50 ₹852.50 ▲₹60

बड़े शहरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम

शहर नए दाम पुराने दाम अंतर
पटना ₹2150.00 ₹2035.50 ▲₹114.50
रायपुर ₹2109.50 ₹1995.00 ▲₹114.50
चेन्नई ₹2043.50 ₹1929.00 ▲₹114.50
कोलकाता ₹1990.00 ₹1875.50 ▲₹114.50
जयपुर ₹1990.00 ₹1875.50 ▲₹114.50
भोपाल ₹1910.50 ₹1796.00 ▲₹114.50
दिल्ली ₹1883.00 ₹1768.50 ▲₹114.50
मुंबई ₹1835.00 ₹1720.50 ▲₹114.50
Back to top button
error: Content is protected !!