ईरान को मिला नया सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मुजतबा बने उत्तराधिकारी, पिता की मौत के दो हफ्ते बाद ऐलान

Iran New Supreme Leader: ईरान में सत्ता के सबसे अहम पद पर बड़ा फैसला लिया गया है। दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है। सोमवार तड़के ईरान के सरकारी टीवी ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब 28 फरवरी को हुए हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और युद्ध की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई है। मोजतबा को लंबे समय से सुप्रीम लीडर पद के प्रमुख दावेदारों में गिना जाता रहा है। हालांकि उन्होंने अब तक कोई निर्वाचित या औपचारिक सरकारी पद नहीं संभाला है और आम तौर पर लो-प्रोफाइल में ही रहते आए हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, रायपुर में 37°C तक पहुंचा तापमान, अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मुजतबा खामेनेई का परिचय
- पूरा नाम- मुजतबा हुसैनी खामेनेई
- जन्म- 8 सितंबर 1969, मशहद (ईरान)
- पिता- अयातुल्ला अली खामेनेई
- पत्नी- ज़हरा हद्दाद-आदेल (2026 में मौत)
- पृष्ठभूमि- ईरान-इराक युद्ध में हिस्सा लिया
- विशेषता- हमेशा लो-प्रोफाइल में रहने वाले धार्मिक नेता
- 2019- अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध लगाया था
उनके चयन को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पहले बयान दिया था कि ईरान को नया सुप्रीम लीडर चुनने से पहले अमेरिका की राय लेनी चाहिए। वहीं इजराइल ने भी चेतावनी दी थी कि खामेनेई के हर उत्तराधिकारी को निशाना बनाया जाएगा। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई करीब तीन दशक से ज्यादा समय तक देश की सबसे ताकतवर राजनीतिक और धार्मिक हस्ती रहे। उनकी मौत 28 फरवरी 2026 को तेहरान में एक हमले में हुई। इसके बाद से ही उनके उत्तराधिकारी को लेकर अटकलें तेज हो गई थी। खामेनेई 1989 में ईरान के पहले सुप्रीम लीडर रूहोल्लाह खुमैनी की मौत के बाद इस पद पर पहुंचे थे। इससे पहले वे 1981 से 1989 तक ईरान के राष्ट्रपति भी रहे।
इस्लामिक क्रांति में निभाई थी बड़ी भूमिका
1979 की ईरानी क्रांति के दौरान जब ईरान के शाह मोहम्मद रजा पहलवी को सत्ता से हटाया गया, तब अली खामेनेई ने क्रांति में अहम भूमिका निभाई थी। ईरान के इस्लामिक कानून के मुताबिक देश का सुप्रीम लीडर बनने के लिए किसी व्यक्ति का अयातुल्ला यानी धर्मगुरु होना जरूरी है। इसका मतलब है कि यह पद सिर्फ एक उच्च धार्मिक नेता को ही दिया जा सकता है। सुप्रीम लीडर ईरान का सबसे शक्तिशाली पद माना जाता है, जिसके पास सेना, न्यायपालिका और प्रमुख सरकारी संस्थाओं पर अंतिम अधिकार होता है। (Iran New Supreme Leader)



