छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, रायपुर में 37°C तक पहुंचा तापमान, अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें:- 5 साल में छत्तीसगढ़ से गायब हुए 400 से ज्यादा बच्चे, पहले नंबर पर पश्चिम बंगाल और दूसरे पर मध्यप्रदेश, 6वें नंबर पर छग
राजधानी रायपुर में धूप तेज रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई भी बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसी भी तरह की बारिश या मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है।
फरवरी में ऐसा होता है रायपुर का मौसम
- फरवरी महीने में रायपुर का मौसम आमतौर पर हल्का गर्म और सुहावना रहता है।
- दिन का औसत तापमान करीब 31.1°C होता है। दिन में हल्की गर्मी महसूस होती है।
- रात का तापमान लगभग 16.9°C, सुबह और रात हल्की ठंड रहती है।
- औसत बारिश लगभग 16.3 मिमी, पूरे महीने में बहुत कम बारिश होती है।
- बारिश वाले दिन औसतन 1 से 2 दिन हल्की बारिश होती है।
- सुबह हवा में नमी ज्यादा (लगभग 61%) रहती है, दिन में घटकर करीब 35% रह जाती है।
- हवा की रफ्तार लगभग 4.2 किमी प्रति घंटा यानी हवा बहुत हल्की चलती है।
- गरज-चमक पूरे महीने में बहुत कम, औसतन 0.4 दिन ही ऐसी स्थिति बनती है।
फरवरी में कम रही ठंड
रायपुर में जनवरी की तरह फरवरी में भी ज्यादातर दिनों में आसमान साफ रहता है और सतही हवाएं हल्की चलती हैं। हालांकि उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कभी-कभी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। फरवरी के आखिरी दिनों में भी कुछ जगहों पर दो-तीन दिन हल्की बारिश दर्ज की गई थी। इस दौरान बादल छाने, गरज-चमक, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की स्थिति भी बन सकती है। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। (Chhattisgarh Weather Update)
रायपुर में इस साल पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड
रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को दर्ज की गई थी। उस दिन तापमान घटकर सिर्फ 5 डिग्री सेल्सियस रह गया था। वहीं फरवरी का सबसे गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इतिहास में फरवरी में भारी बारिश के रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश हुई थी, जो फरवरी के हिसाब से काफी ज्यादा मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। (Chhattisgarh Weather Update)



