खामोश प्यार का खूनी अंत, प्रेमी ने ली मूकबधिर युवती की जान, पेट में पल रहा था बच्चा

Murder of Deafmute Girl: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक मूकबधिर युवती, जो बोल नहीं सकती थी, लेकिन अपने प्यार पर भरोसा करती थी। उसी भरोसे ने उसकी जान ले ली। प्रेमी ने शादी का वादा किया, संबंध बनाए और जब युवती गर्भवती हो गई तो बदनामी के डर से उसे हमेशा के लिए खामोश कर दिया। मामला बसना थाना क्षेत्र के इंद्रपुर गांव का है, जहां 21 साल की मूकबधिर युवती और गांव के ही लोकनाथ पटेल के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की संस्कृति को नई पहचान: माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ
युवती बोल नहीं सकती थी, लेकिन दिल से रिश्ता निभा रही थी। आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन पहले जब युवती की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे अस्पताल ले गए। जांच में पता चला कि वह दो महीने की गर्भवती है। यह खबर परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। 23 मार्च की रात युवती अपने प्रेमी से मिलने पहुंची। वह बोल नहीं सकती थी, लेकिन इशारों में उसने अपने गर्भवती होने की बात बताई और शायद शादी की उम्मीद भी जताई, लेकिन उसी पल, प्रेमी के मन में डर और स्वार्थ हावी हो गया। (Murder of Deafmute Girl)

बदनामी के डर से उसने अपनी ही प्रेमिका की हत्या की साजिश रच ली। खेत के बीच ले जाकर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जब तक कि उसकी सांसें थम नहीं गईं। अगली सुबह जब युवती घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से महज 150 मीटर दूर खेत में उसकी खून से लथपथ लाश मिली। चेहरे और सिर पर गहरे घाव थे, मानो किसी ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दी हों। सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। (Murder of Deafmute Girl)

जांच के दौरान पिता ने गांव के ही लोकनाथ पटेल पर शक जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और कुछ ही घंटों में सच सामने आ गया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि युवती के गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद उसने बदनामी के डर से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एक तरफ वो लड़की, जो बोल नहीं सकती थी, लेकिन अपने रिश्ते पर यकीन करती थी। दूसरी तरफ वो शख्स, जिसने उसी भरोसे को हथियार बनाकर उसकी जिंदगी छीन ली। ये सिर्फ एक हत्या नहीं, ये भरोसे का कत्ल है, प्यार के नाम पर धोखे की दर्दनाक कहानी है, जो कई सवाल छोड़ जाती है। क्या आज भी बेटियां सुरक्षित हैं ? और क्या प्यार के नाम पर किया गया वादा इतना सस्ता हो गया है ?



