Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में बढ़ा बर्ड फ्लू का खतरा, 5 हजार से ज्यादा मुर्गियों की मौत, अलर्ट मोड में जिला प्रशासन 

Bird Flu in Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है। बीते कुछ दिनों में यहां 5 हजार से ज्यादा मुर्गा-मुर्गियों की मौत हो चुकी है, जिसने न सिर्फ प्रशासन बल्कि स्थानीय लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत का सिलसिला 18 मार्च से शुरू हुआ था। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी मानकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन धीरे-धीरे मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता गया। महज 5 दिनों के भीतर करीब 5 हजार मुर्गियों की मौत ने हालात को भयावह बना दिया।

यह भी पढ़ें:- खामोश प्यार का खूनी अंत, प्रेमी ने ली मूकबधिर युवती की जान, पेट में पल रहा था बच्चा

पोल्ट्री फार्म के प्रबंधक डॉ. संजय राज ने शुरुआत में इसे सामान्य संक्रमण माना, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृत मुर्गियों के सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान भेजे गए थे। लैब रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल एक्शन लिया। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन घोषित कर दिया। 1 से 10 किलोमीटर तक का क्षेत्र सर्विलांस जोन बनाया गया। (Bird Flu in Bilaspur)

रैपिड रिस्पांस टीम तैनात, 24 घंटे निगरानी

पूरे पोल्ट्री फार्म को सील कर दिया गया। 5 किलोमीटर के दायरे को अति संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से मारने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मरी हुई मुर्गियों और लगभग 20 हजार अंडों को नष्ट किया जा चुका है। चिकन, अंडे और पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री के साथ ही परिवहन पर पूरी प्रतिबंध लगाया गया है। जिला प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम गठित की है। 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। बचाव दल को PPE किट और एंटी-वायरल दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

किसानों को मिलेगा मुआवजा

राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों और पशुपालकों को राहत देते हुए कहा है कि मरी हुई मुर्गियों के बदले भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। यह पोल्ट्री फार्म विशेष रूप से अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के किसानों के लिए संचालित किया जाता है, जहां सरकार की ओर से चूजे उपलब्ध कराए जाते हैं। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब 18 मार्च से मौतें शुरू हो गई थी तो समय रहते उच्च अधिकारियों को जानकारी क्यों नहीं दी गई ? शुरुआती लापरवाही ने ही हालात को इतना गंभीर बना दिया कि अब बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ रहा है। (Bird Flu in Bilaspur)

पहले भी आ चुका है मामला

बता दें कि फरवरी 2025 में रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में भी H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। उस समय करीब 5 हजार मुर्गियां, 12 हजार चूजे और 17 हजार अंडे नष्ट किए गए थे। प्रभावित क्षेत्र में पोल्ट्री बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। बिलासपुर का यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि संक्रामक बीमारियों को हल्के में लेना कितना खतरनाक हो सकता है। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है, लेकिन इस घटना ने सिस्टम की शुरुआती प्रतिक्रिया पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि संक्रमण को कितनी जल्दी काबू में लाया जा सकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से कैसे बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!