Google Analytics —— Meta Pixel

एक मंडप में दो दुल्हनों संग युवक ने लिए सात फेरे, छत्तीसगढ़ की अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय

कोंडागांव (छत्तीसगढ़)। जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव में लोक परंपराओं के बीच एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। इस विवाह का निमंत्रण पत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़े :- प्रदेश साहू संघ द्वारा भव्य ‘कन्या पूजन एवं कन्या भोज’ का आयोजन, समाज में नारी सम्मान का संदेश

जानकारी के अनुसार, बैलगांव निवासी हितेश (पुत्र गजेंद्र यादव) ने फुलबती (ग्राम शंकरपुर) और यामिनी (ग्राम बनियागांव) के साथ विवाह किया। खास बात यह रही कि शादी का कार्ड एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम से छपवाया गया। वायरल वीडियो में दूल्हा दोनों दुल्हनों का हाथ थामे मंडप में फेरे लेते दिखाई दे रहा है।

यह विवाह पूरी तरह से सामाजिक सहमति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। 23 मार्च 2026 को हल्दी की रस्म (मंडपाच्छादन और हरिद्रालेपन) आयोजित की गई, जबकि 24 मार्च 2026 को पाणिग्रहण, लगन एवं आशीर्वाद समारोह संपन्न हुआ। शादी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भाग लिया और उत्सव जैसा माहौल रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि तीनों परिवारों की सहमति और समाज के बुजुर्गों के आशीर्वाद से यह विवाह संपन्न कराया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

हालांकि, भारतीय कानून के तहत एक साथ दो विवाह को वैध मान्यता प्राप्त नहीं है, लेकिन बस्तर क्षेत्र की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था में ऐसे मामलों को स्थानीय स्तर पर स्वीकृति मिलती रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!