बच्चा चोरी की अफवाह से मचा बवाल, दो युवक घायल, पुलिस ने की कार्रवाई, पढ़े पूरी खबर
बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक अंतर्गत ग्राम वंगापल्ली में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। शक के आधार पर ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
यह भी पढ़े :- अबूझमाड़ में ITBP का मानवीय चेहरा: गर्भवती महिला को 5 किमी स्ट्रेचर पर ले जाकर बचाई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दम्पया निवासी विकास कावटी और संतोष कावटी देर शाम मोटरसाइकिल से एक बकरा लेकर अपने घर लौट रहे थे। वंगापल्ली के पास बकरा अचानक बाइक से उतरकर भाग गया। दोनों युवक उसे पकड़ने के लिए दौड़े, जिसे देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई।
अफवाह के चलते ग्रामीणों ने दोनों युवकों को बच्चा चोर समझ लिया और बिना किसी पुष्टि के लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। विकास कावटी की हालत नाजुक होने पर उसे रायपुर हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि संतोष कावटी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मामले में परिजनों की शिकायत पर मद्देड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इधर, बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में बच्चा चोरी या किडनी चोरी जैसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।



