जांजगीर-चांपा डबल मर्डर से सनसनी, होली के मुखौटे में आए हमलावर, सो रहे बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या

Double Murder in Janjgir: जांजगीर-चांपा जिले के खपरी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान संतराम साहू (62) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62) के रूप में हुई है। दोनों अपने घर में अकेले रहते थे। बीती रात अज्ञात आरोपी घर में घुसे और सो रहे दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में शराब की नई रेट लिस्ट जारी: महंगी विदेशी शराब सस्ती, बियर महंगी
बताया जा रहा है कि आरोपी पेड़ के सहारे घर में दाखिल हुए थे, जिससे यह साफ होता है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब मृतक का बड़ा बेटा हरिशंकर साहू सुबह खेत में दवाई छिड़कने के लिए पिता के घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला देख जब वह अंदर गया तो पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा मिला। यह नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। (Double Murder in Janjgir)

खून से सने पैरों के निशान और मुखौटा बरामद
घटनास्थल और आसपास की सड़क पर खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में एक से ज्यादा आरोपी शामिल हो सकते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने घर से करीब 70 से 80 हजार रुपए के जेवरात लूटे हैं। महिला के गले से सोने का हार भी गायब मिला है। इससे यह संभावना मजबूत हो रही है कि वारदात लूट के इरादे से की गई। हालांकि पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। (Double Murder in Janjgir)
हाल ही में हुई थी पोते की शादी
संतराम साहू ने 28 मार्च को अपने बड़े पोते की शादी करवाई थी। ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि क्या शादी के बाद घर में मौजूद गहनों की जानकारी किसी को थी और उसी के आधार पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। SP विजय कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुलमुला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस बीच वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह महज लूट की घटना है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी छिपी है ? पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।



