Google Analytics —— Meta Pixel

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, तीन मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित, 7 लाख की नशीली दवाएं जब्त

Action Against Narcotics: छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच कोरबा में जिला प्रशासन, औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत मेडिकल स्टोर्स की लगातार जांच की जा रही है, जिसके तहत हरदी बाजार, पाली, बालको, गोढ़ी, भैसमा, सोहागपुर, ढेलवाडीह और छुरी क्षेत्र में स्थित कई मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अन्नपूर्णा मेडिकल स्टोर्स (हरदी बाजार), जीके मेडिकल स्टोर्स (पाली) और गर्वित मेडिकल स्टोर्स (सोहागपुर) में दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाई गई।

यह भी पढ़ें:- बारनवापारा का रामपुर ग्रासलैंड फिर हुआ काले हिरणों से आबाद, वन विभाग की टीम कर रही निगरानी

इन फर्मों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। निलंबन अवधि के दौरान इन दुकानों पर दवाओं की खरीद और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा अन्य मेडिकल स्टोर्स जैसे मिश्रा मेडिकल (बालको), ओम साईं मेडिकल (गोढ़ी), मेनन मेडिकल, जायसवाल मेडिकल, मोनिशा मेडिकल स्टोर्स, प्रिशा मेडिकल (ढेलवाडीह) और मारुति मेडिकल (छुरी) के संचालकों से जवाब प्राप्त हो चुके हैं। विभाग की ओर से इन जवाबों की समीक्षा की जा रही है और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (Action Against Narcotics)

नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

औषधि विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि बिना चिकित्सकीय पर्चे के नशीली दवाओं की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशीली दवाओं के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए औषधि विभाग और पुलिस विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आगे भी चरणबद्ध कार्रवाई जारी रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान कोसाबाड़ी, मदवारानी और ढेलवाडीह-कटघोरा क्षेत्र से दवाओं के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। (Action Against Narcotics)

सरगुजा में भी बड़ी कार्रवाई

इसी बीच सरगुजा जिले में भी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी संदीप चौहान मेडिकल स्टोर संचालन के नाम पर नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा था। उसके कब्जे से लगभग 7 लाख रुपए मूल्य के अवैध नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार से 95 नग कोडिंग युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा वाहन से खाली रैपर, इंजेक्शन और अन्य नशीली दवाओं से संबंधित सबूत भी मिले हैं। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई गांधीनगर थाना पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त रूप से की, जिसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!