रायपुर में जीजा बना कातिल, 150 रुपए की शराब को लेकर साले की गला घोंटकर हत्या

Murder in Raipur: रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उरला थाना क्षेत्र का है, जहां शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक जीजा ने अपने ही साले की हत्या कर दी। मृतक की पहचान घनश्याम यादव (30) के रूप में हुई है, जो पल्सीपानी गांव का रहने वाला था। मृतक अपने जीजा गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा (45) के साथ कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करता था। जानकारी के मुताबिक 8 अप्रैल को दोनों सिल्तरा स्थित शराब भट्टी पहुंचे थे, जहां आरोपी गोपी ने घनश्याम को शराब लाने के लिए 150 रुपए दिए।
यह भी पढ़ें:- नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 7 लोगों की मौत, पुलिसकर्मी का उजड़ा परिवार
घनश्याम शराब लेकर तो आया, लेकिन उसने उसे अकेले ही पी लिया। इसी बात से आरोपी के मन में गुस्सा भर गया। 9 अप्रैल को दोनों खारुन नदी नहाने के लिए पहुंचे। इस दौरान घनश्याम शौच के लिए नदी किनारे चला गया। आरोपी भी उसके पीछे पहुंचा और मौके का फायदा उठाते हुए पहले उसे नदी के मेढ़ से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी को शक था कि घनश्याम जिंदा हो सकता है और सच्चाई सामने आ सकती है। इसी डर से उसने अपने गमछे से घनश्याम का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। (Murder in Raipur)

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। एक मामूली विवाद ने जिस तरह खौफनाक रूप ले लिया, उसने एक बार फिर रिश्तों और समाज में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। इस हत्या ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या बढ़ती शराबखोरी और गुस्सा समाज के लिए खतरा बनता जा रहा है। यह सोचने की जरूरत है। यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है।



