बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा, शपथ के बाद बोले सम्राट चौधरी
पटना: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद की शपथ लेने के बाद राज्य के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा – मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा। बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा।
यह भी पढ़े :- AAP में बढ़ी अंदरूनी हलचल! राघव चड्ढा की Z+ सुरक्षा वापस, सियासी अटकलें तेज
दरअसल, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद राज्य की कमान अब भारतीय जनता पार्टी के हाथों में आ गई है और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।
पटना स्थित लोकभवन के बाहर समर्थकों द्वारा नारेबाजी भी की गई, हालांकि सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार “मोदी-नीतीश मॉडल” पर ही आगे बढ़ेगी।
नीतीश के विजन को आगे बढ़ाने की बात
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में जो शासन मॉडल स्थापित किया, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब सम्राट चौधरी के कंधों पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कोई कमी रह गई होगी, तो नई सरकार उसे पूरा कर बिहार को विकास की दिशा में आगे ले जाएगी।
वहीं, बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार “विकसित बिहार” के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ेगा।
पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री
बिहार में एनडीए सरकार होने के बावजूद यह पहला मौका है, जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। इससे पहले विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन बदलते राजनीतिक हालात में उनके राज्यसभा जाने के बाद भाजपा को सरकार का नेतृत्व करने का अवसर मिला है।
सम्राट चौधरी इससे पहले नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। नई सरकार में जदयू नेता विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र कुमार यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।



