Google Analytics —— Meta Pixel

AAP में टूट से NDA खुश ! केंद्रीय मंत्रियों से लेकर कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर बोला हमला

NDA Leaders on AAP: आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि जिस तरह AAP में फूट हो रही है और उनके सांसदों ने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। देश का विकास करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व बहुत मजबूत है, इसलिए अन्य पार्टियों के लोग भाजपा में आ रहे हैं, जो आना चाहते हैं, उनके लिए हमारी पार्टी के दरवाजे खुले हैं। अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी थी और उस मकसद को पूरा करने की जिम्मेदारी अरविंद केजरीवाल की थी, लेकिन उन्होंने वो पूरी नहीं की है। हम राघव चड्ढा और अन्य सांसदों का स्वागत करते हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि AAP में इतनी बड़ी टूट हुई है। वहां कहीं न कहीं पार्टी के नेतृत्व को लेकर असंतोष रहा होगा। वहां कहीं न कहीं प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उन लोगों का रुझान रहा होगा। 

यह भी पढ़ें:- AAP छोड़ने के बाद सांसदों का हमला तेज, राघव चड्ढा समेत बीजेपी ज्वाइन करने वाले सांसदों ने खोला मोर्चा

मंत्री चिराग ने कहा कि यह निर्णय उन 7 सांसदों का था, जो प्रधानमंत्री मोदी की सोच से प्रभावित होकर NDA का हिस्सा बनना चाहता है, उनका स्वागत है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सभी का स्वागत है। विकसित भारत 2047 की राह पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो आना चाहते हैं सभी का स्वागत है। महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि AAP जिस प्रकार के सपने दिखाकर सत्ता में आई थी, उस पार्टी ने जनता से विश्वासघात किया है। कई लोग लगातार AAP से मोह भंग होकर टूटते रहे। उन्होंने मूल रूप से भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को खड़ा किया। ऐसे करीब सब लोगों ने इस पार्टी से मुंह मोड़ लिया। हम ऐसे निर्णयों का स्वागत करते हैं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिन सांसदों ने इस्तीफा दिया है, उन सभी का भाजपा में स्वागत है। AAP एक आंदोलन के बीच से पैदा हुई थी और AAP के समाप्त होने का समय आ गया है। 

डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का साधा निशाना 

उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि राघव चड्ढा और उनके साथ आए सभी सांसदों का मैं स्वागत करता हूं। उन्होंने सही समय पर सही निर्णय लिया है। AAP का गठन जिन उद्देश्यों के लिए हुआ था, वो उसकी पूर्ती नहीं कर पाए और ना उन्होंने उस दिशा में कदम बढ़ाया। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि जो राष्ट्रवादी हैं, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार कर रहे हैं। राघव चड्ढा पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, थोड़ी देर लगी, लेकिन वे समझ गए कि भारत को समृद्ध करना, देश को मजबूत करना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी में लोग असंतुष्ट हैं और यह अभी से नहीं हैं। चाहे योगेंद्र यादव हों, शाजिया इल्मी हो, प्रशांत भूषण हो, कुमार विश्वास हो कई सारे लोग आम आदमी पार्टी छोड़ चुके हैं। स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी में लोग उनके कार्यों से नाराज हैं। (NDA Leaders on AAP)

आम आदमी पार्टी मौकापरस्त पार्टी है: दिलीप घोष

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि दूसरे दलों में जो अच्छे लोग हैं, उन्हें अपने दल में घुटन महसूस हो रही है और वो सभी भाजपा की नीतियों में विश्वास कर रहे हैं। इसलिए अन्य दलों से लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। आने वाले समय में और भी लोग ऐसा करते दिखाई देंगे। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि आम आदमी पार्टी मौकापरस्त पार्टी है, यह धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। ये लोग सत्ता, पैसे से जुड़े थे, ये कितने चालाक है यह सबको पता चल गया है कि इसलिए सब बिखर जाएंगे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मैं उन सभी लोगों के साहस की तारीफ करना चाहता हूं, जिन लोगों ने भाजपा में विलय किया है, अब वे खुलकर काम करें। भाजपा एक ऐसी जगह है, जहां आप लोगों के लिए काम कर सकते हैं। (NDA Leaders on AAP)

AAP आने वाले चुनाव में बुरी तरह से हार रही: वल्लभ 

भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल से ये कहना चाहूंगा कि आप भगवंत मान को पकड़कर रखिएगा कि कब वे सारे विधायक लेकर फुर्र हो जाएं। पंजाब में AAP आने वाले चुनाव में बुरी तरह से हार रही है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल आप स्वयं इस युग के सबसे बड़े भ्रष्टाचारी हैं, जो व्यक्ति अपने बच्चों की सौगंध झूठी खा सकता है, उस पर कोई भी विश्वास नहीं कर सकता है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि बीजेपी में शामिल होने वाले सांसदों को बधाई और शुभकामनाएं हैं। उनका निर्णय देश की राजनीति में एक नया आयाम जोड़ेगा। भाजपा नेता सतनाम सिंह संधू ने कहा कि मैं पंजाब से राज्यसभा के सदस्यों का स्वागत करना चाहता हूं, जो अपनी अंतरात्मा की आवाज को पहचानते हुए BJP में शामिल हुए हैं। हम लंबे समय से साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यह एक दिन में तय नहीं हुआ। वे लंबे समय से निराश थे। हम सब मिलकर पंजाब के मुद्दों को रखेंगे और पंजाब और देश की भलाई के लिए काम करेंगे।

केजरीवाल और उनका कुनबा भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है: चुघ 

भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जो आंदोलन शुरू हुआ था और जो लोग उसमें थे वे सभी लोग अरविंद केजरीवाल का घिनोना, भ्रष्टाचारी चेहरा देखकर लगातार आम आदमी पार्टी छोड़ रहे हैं। किरण बेदी आपके साथ धरने पर बैठी थी, वे छोड़ गई। अन्ना हजारे, कुमार विश्वास, आशुतोष छोड़ गए, जिस तरह पिछले 5 सालों में पंजाब में पूरी सरकार विफल हुई है, हर मोर्चे पर सरकार विफल है। इनके पास उपचुनाव में लड़ाने के लिए भी उम्मीदवार नहीं थे। हालात क्या है ? भ्रष्टाचार नहीं सहेंगे के नाम पर जो आए थे आज पूरी तरह अरविंद केजरीवाल और उनका कुनबा भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। आम आदमी पार्टी जिन आदर्शों, सोच को लेकर चली थी उससे जनता और उनके साथियों का भी मोहभंग हो चुका है। आम आदमी पार्टी आखिरी सांसों पर है।

आप तो भ्रष्टाचार में डूब गए: अश्वनी शर्मा

पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जो आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो हैं, उनके नेतृत्व पर सवाल खड़ा हुआ है, जिन साथियों ने आंदोलन से लेकर अब तक, पार्टी के बनने से लेकर उसके खड़ा होने तक पार्टी का साथ दिया अगर वे पार्टी छोड़ते हैं तो सवाल तो खड़े होते हैं। इसपर वे जवाब नहीं देंगे, न ही आत्मचिंतन करेंगे क्योंकि वहां लोकतंत्र नहीं तानाशाही है। आप तो देश बदलने आए थे, आप तो भ्रष्टाचार में डूब गए। आम आदमी पार्टी ने पंजाब को जो धोखा दिया है यह उसी का प्रतिबिंब है। पंजाबी मुख्यमंत्री तो नाम के हैं, काम तो अरविंद केजरीवाल कर रहे हैं। इसी कारण पंजाब में दूर्दशा है, कानून का राज नहीं है। पंजाब को इन्होंने बेहाल कर दिया। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि AAP तन्हा रह जाएगी, जितने बड़े नाम थे, वे सभी इनसे बिछड़ते गए। अब सवाल है कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी एक रह पाएंगे या नहीं।

अपनी कमजोरियों को सिर्फ दूसरों पर नहीं थोपना चाहिए: नीरज 

JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि अपनी कमजोरियों को सिर्फ दूसरों पर नहीं थोपना चाहिए। राजनीति में नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए आम आदमी पार्टी का उदय हुआ था लेकिन इतिहास इस बात का गवाह है कि ये शराब पिलाकर दिल्ली का निर्माण कर रहे थे। इनके मंत्रिपरिषद के सदस्य जेल गए पर उनकी बर्खास्तगी नहीं हुई, राज्य के मुख्यमंत्री जेल गए। ऐसी स्थिति में पार्टी में स्वाभाविक रूप से फूट है। आम आदमी पार्टी को आत्मअवलोकन करना चाहिए कि उनकी पार्टी में चूक कहां है। JDU नेता खालिद अनवर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जो टीम बनाई थी, उन्होंने उस टीम को धोखा दिया। उन्होंने पंजाब, दिल्ली की जनता को धोखा दिया। मदारी की तरह सबको जाल में फंसाकर उन्होंने सरकार बना ली और सरकार बनाने के बाद दिल्ली, पंजाब की जो हालत हुई उसके बाद लोगों को विश्वास नहीं होता कि क्या यह वही अरविंद केजरीवाल हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें नकारा और अब पंजाब की जनता भी उन्हें नकारेगी। राघव चड्ढा ने सही फैसला लिया, वे राष्ट्रभक्तों के साथ आ गए यह अच्छा कदम है।

AAP आलीशान वादी पार्टी है: शहजाद पूनावाला

शिवसेना नेता शायना एनसी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बयान पर कहा कि यह आम आदमी पार्टी नहीं खास आदमी पार्टी थी। ये लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े थे और वहीं इनके राज में शराब घोटाला समेत कई घोटाले हुए हैं। यह बताता है कि राघव चड्ढा के साथ जो लोग आए हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व से प्रेरित हैं। सभी का भाजपा में स्वागत है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जिस प्रकार से शीश महल पार्ट-1 बनाया गया, जिसकी वजह से दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से भगा दिया, परंतु अरविंद केजरीवाल शीश महल में नहीं रहते, बल्कि एक शीश महल अरविंद केजरीवाल के अंदर रहता है और इसलिए ये आम आदमी पार्टी नहीं है, बल्कि ‘आलीशान वादी पार्टी’ है। इसी बदलाव की वजह से आज लोग उनका साथ छोड़कर जा रहे हैं, जिसमें राघव चड्ढा और बाकी के सांसद भी हैं। असल में अरविंद केजरीवाल आत्मचिंतन करने के बदले केवल और केवल दोषारोपण कर रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!