गोलगप्पे बने काल! 6 साल के मासूम की मौत, 36 लोग बीमार… गांव में हड़कंप

Food Poisoning : झारखंड के गिरिडीह जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में गोलगप्पे खाने के बाद 36 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। इलाज के दौरान 6 वर्षीय मासूम रंजन कुमार की मौत हो गई, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़े :- केजरीवाल को बड़ा झटका, राघव चड्ढा समेत AAP के 7 बागी सांसदों को राज्यसभा से मान्यता
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव में एक ठेला विक्रेता गोलगप्पे बेचने पहुंचा था। बच्चों और महिलाओं समेत कई ग्रामीणों ने गोलगप्पे खाए। रात में कुछ लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई, लेकिन रविवार सुबह तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायतें बढ़ गईं।
हालात गंभीर होने पर ग्रामीणों ने सभी बीमार लोगों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रंजन कुमार की मौत हो गई।
36 से ज्यादा लोग बीमार
बीमारों में बड़ी संख्या बच्चों की बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती मरीजों में दिवाकर, शिवम, अनुराधा, मनीता, रिया, प्रिंस, रानी, सुजीत, बादल, मधु समेत कई लोग शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों का इलाज कर रही है। अन्य मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत विसपुते, एसडीपीओ जीतबाहन उरांव समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।
प्रशासन को आशंका है कि मामला फूड प्वाइजनिंग (Food Poisoning) का हो सकता है। गोलगप्पे बेचने वाले ठेला संचालक की पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। (Food Poisoning)



