पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के 142 सीटों पर वोटिंग जारी, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 142 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होना था, लेकिन मतदाताओं का उत्साह ऐसा रहा कि लोग सुबह 5:30 बजे से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिली। इस चरण में राज्य के 7 जिलों की सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 3.2 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 1.65 करोड़ पुरुष, 1.55 करोड़ महिलाएं और करीब 400 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- श्रमिकों के सशक्तिकरण की नई उड़ान: CM साय ने लॉन्च किया ‘ई-श्रम साथी’ ऐप
मतदान के दौरान कुछ जगहों से विवाद और तकनीकी गड़बड़ियों की खबरें भी सामने आई हैं। हावड़ा के बाली इलाके में EVM में खराबी की शिकायत को लेकर हंगामा हो गया, जिसके बाद CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। नादिया जिले के छपरा में भाजपा एजेंट ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। वहीं पानीहाटी से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने भी EVM में खराबी की शिकायत की है। दूसरे चरण में सबसे चर्चित मुकाबला भवानीपुर सीट पर माना जा रहा है। यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पारंपरिक सीट है। उनके खिलाफ भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं, जो 2021 के चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है।






