डिजिटल अरेस्ट केस में जांच करने गई रायपुर पुलिस खुद फंसी, गुवाहाटी पुलिस ने थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया

Raipur Police in Custody: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गई पुलिस टीम को असम के गुवाहाटी में हिरासत में ले लिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला टिकरापारा थाना में दर्ज एक डिजिटल अरेस्ट केस की जांच से जुड़ा हुआ है। मामले में आरोपियों की तलाश में असम गई रायपुर पुलिस और गुवाहाटी पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक रायपुर के टिकरापारा थाना में दर्ज डिजिटल अरेस्ट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गुवाहाटी पहुंची थी। टीम में थाना प्रभारी रविंद्र यादव, एक एएसआई, एक हवलदार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के 142 सीटों पर वोटिंग जारी, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
बताया जा रहा है कि टीम ने वहां एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी, तभी स्थानीय स्तर पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान गुवाहाटी पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाए। असम पुलिस का दावा है कि रायपुर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने के बाद दो अन्य आरोपियों को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ दिया। इन आरोपों के आधार पर असम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीआई रविंद्र यादव समेत चार पुलिसकर्मियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू की। (Raipur Police in Custody)
2.50 लाख रुपए जब्त, FIR दर्ज
सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई के दौरान असम पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपए भी जब्त किए हैं। आरोप है कि यह रकम आरोपियों से ली गई थी। छोड़े गए आरोपियों की शिकायत पर पुलिस ने एक्सटॉर्शन (जबरन वसूली) के तहत FIR दर्ज की, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। वहीं रायपुर पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि टीम आरोपियों से ठगी गई रकम की रिकवरी कर रही थी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के मुताबिक आरोपियों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रिकवरी की रकम को घूस बताकर विवाद खड़ा किया और गुवाहाटी पुलिस को सूचना दी। (Raipur Police in Custody)

पुलिस उपायुक्त ने यह भी बताया कि गुवाहाटी पुलिस ने टीम के मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे, जिसके कारण संपर्क नहीं हो सका।घटना के बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप और करीब 24 घंटे की पूछताछ के बाद रायपुर पुलिस टीम को रिहा कर दिया गया। टीम अब गुवाहाटी से रायपुर के लिए रवाना हो चुकी है।फिलहाल इस पूरे मामले में असम और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही है। यह घटना अंतरराज्यीय पुलिस कार्रवाई के दौरान समन्वय और प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।



