Google Analytics —— Meta Pixel

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के 142 सीटों पर वोटिंग जारी, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 142 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होना था, लेकिन मतदाताओं का उत्साह ऐसा रहा कि लोग सुबह 5:30 बजे से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिली। इस चरण में राज्य के 7 जिलों की सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 3.2 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 1.65 करोड़ पुरुष, 1.55 करोड़ महिलाएं और करीब 400 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- श्रमिकों के सशक्तिकरण की नई उड़ान: CM साय ने लॉन्च किया ‘ई-श्रम साथी’ ऐप

मतदान के दौरान कुछ जगहों से विवाद और तकनीकी गड़बड़ियों की खबरें भी सामने आई हैं। हावड़ा के बाली इलाके में EVM में खराबी की शिकायत को लेकर हंगामा हो गया, जिसके बाद CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। नादिया जिले के छपरा में भाजपा एजेंट ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। वहीं पानीहाटी से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने भी EVM में खराबी की शिकायत की है। दूसरे चरण में सबसे चर्चित मुकाबला भवानीपुर सीट पर माना जा रहा है। यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पारंपरिक सीट है। उनके खिलाफ भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं, जो 2021 के चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है।

2021 के विधानसभा चुनाव में इन 142 सीटों में से 123 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को 18 सीटें मिली थी और अन्य के खाते में 1 सीट गई थी। पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93% मतदान दर्ज किया गया था। दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य में कुल 6.8 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 5 लाख से ज्याादा पहली बार वोट डालने वाले हैं, जबकि 3.79 लाख मतदाता 85 साल से ज्यादा आयु के हैं। हुगली जिले के चिनसुरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं, जबकि नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में सबसे कम 1,17,195 मतदाता हैं। (West Bengal Election 2026)

सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम

मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल ऑब्जर्वर, 95 पुलिस ऑब्जर्वर और 100 व्यय ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। राज्यभर में इस चरण के लिए कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। चुनाव के सभी चरणों के बाद 4 मई को मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। बता दें कि सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने जीत के दावे कर रही है। हालांकि सीधी टक्कर बीजेपी और TMC के बीच माना जा रहा है। (West Bengal Election 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!