TMC ने एग्जिट पोल को नकारा, भाजपा पर की आरोपों की बौछार, 200 से ज्यादा सीटों पर जीत का दावा

TMC on Exit Poll: पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। TMC नेताओं ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जहां 200 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया। वहीं पार्टी के अन्य नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और सेंट्रल फोर्स की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। TMC का दावा है कि इस बार जनता उनके पक्ष में भारी समर्थन दे रही है, जबकि भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे चारों तरफ से अत्याचार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री खुद दखल दे रहे हैं। यह सब क्यों ? उनका कोई नहीं है, उनके मतदाता नहीं है, इसलिए सेंट्रल फोर्स लगा रहे हैं, सेंट्रल फोर्स भी उनके एजेंट की तरह काम कर रही है। हम आशावादी हैं कि 200 सीटें तो हम पार करेंगे।
यह भी पढ़ें:- एग्जिट पोल से BJP गदगद, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनने के संकेत, 4 मई को आएगा असली रिजल्ट
TMC सांसद सौगत राय ने कहा कि मेरा अनुभव है कि बीते कई समय से एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। ज्यादातर भाजपा के पक्ष में हैं, एक TMC के पक्ष में हैं। मुझे दोनों पर विश्वास नहीं है। TMC बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। चुनाव आयोग की ओर से भाजपा के साथ मिलकर रची गई साजिश के खिलाफ लोग हैं। दिवास्वप्न देखने में कोई रोक नहीं है। भाजपा दिवास्वप्न देख रही है। मैं आश्वस्त हूं कि चौथी बार ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनेंगी। भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी हारेंगे और नंदीग्राम में कड़ा मुकाबला होगा। TMC नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा कि पहले चरण के मतदान में TMC की सेंचुरी हो गई थी। दूसरे चरण के मतदान के बाद हम बोल रहे हैं कि इस बार बंगाल में भाजपा को 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी। TMC को 235 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। हम माताओं, बहनों को धन्यवाद देते हैं। जितना ज्यादा मतदान हुआ, उतने ज्यादा वोटों से TMC जीतेगी। (TMC on Exit Poll)
बीजेपी ने सेंट्रल फोर्स के जरिए गुंडागर्दी की: घोष
घोष ने आगे कहा कि भाजपा को पता है कि TMC जीतेगी, इसलिए सेंट्रल फोर्स के जरिए गुंडागर्दी की गई। बच्चों और महिलाओं को मारा गया। जानबूझकर पोलिंग धीमी की गई, लोगों को कतार में रखकर परेशान किया गया। आप कितना ही हमला करें बंगाल जीतेगा। कुणाल घोष ने कहा कि ज्यादातर एग्जिट पोल निराधार हैं, आप उनका पिछली बार का रिकॉर्ड देखिए, उन्होंने 2021 में क्या कहा था और क्या हुआ, जमीनी हकीकत और इसमें बहुत अंतर है, जो TMC की जीत दिखा रहे हैं उसका अर्थ है कि उनका सर्वे ठीक है। हमें 235 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। भाजपा को 50 सीटें भी नहीं मिलेगी। पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार शशि पांजा ने कहा कि 4 तारीख तक इंतजार करिए, जिस तरह से चुनाव हुए, जिस तरह लोगों की भावनाओं को उछाला गया और जिस तरह चुनाव के दिन जो लोगों ने वोट दिया, उनके साथ जिस तरह सेंट्रल फोर्स ने व्यवहार किया उसकी जिम्मेदारी ECI, केंद्र सरकार को लेनी होगी।
1 करोड़ 25 लाख लोगों के वोट काटे गए: डोला सेन
पांजा ने कहा कि बहुत लोगों को आपने वोट देने से वंचित किया। इन सबका जवाब 4 मई को दिखेगा। हमने पहले भी ऐसा एग्जिट पोल देखा है, जब वे TMC को डूबा रहे थे, लेकिन TMC जब उभरती हुई बाहर आई तो क्या किसी ने माफी मांगी ? यह सब चलता रहता है। भाजपा हारेगी। TMC सांसद डोला सेन ने कहा कि हमें पहले से पता था कि इस बार 10-15% मतदान ज्यादा होगा। यह 13% बढ़ चुका है। प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, मीडिया की तरफ से जो नैरेटिव बताया जा रहा है उससे हम सहमत नहीं है। SIR में जो हुआ, उसमें 1 करोड़ 25 लाख लोगों के वोट काटे गए, ममता बनर्जी सुप्रीम कोर्ट गई और लड़ी जिसके बाद 30 लाख लोगों के नाम जोड़े गए, लेकिन 92 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए। वे लोग तनाव में गए और उसके कारण 225 लोगों की मृत्यु हो गई, जिसका नाम इस बार लिस्ट में आया सबने सोचा कि इस बार हमें वोट देना है। इसलिए इस बार सबने मतदान किया। (TMC on Exit Poll)



