एग्जिट पोल से BJP गदगद, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनने के संकेत, 4 मई को आएगा असली रिजल्ट

BJP on Exit Polls: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद सर्वे एजेंसियों ने सभी 5 चुनावी राज्यों के एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं, जिसमें से सभी में असम और पुडुचेरी में सत्ता वापसी, जबकि पश्चिम बंगाल में ज्यादातर में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी में भारी उत्साह है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि मुझे लगता है कि जनता ने इस बार भाजपा के पक्ष में वोट किया है। ममता बनर्जी के खिलाफ जनता ने उमड़कर मतदान किया है और इसका लाभ भाजपा को मिलने वाला है। 170 से ज्यादा सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि किसी के मन में कोई संदेह नहीं है। बंगाल और असम में भाजपा सरकार बनना निश्चित है। वहां की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा दिखाया है।
यह भी पढ़ें:- एग्जिट पोल 2026: तमिलनाडु और केरल में बदलाव के संकेत, असम-पुडुचेरी में सत्ता बरकरार, 4 मई को आएंगे नतीजे
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि असम की जनता हमें सेवा करने का अवसर देगी। बंगाल में राष्ट्रवादियों की सरकार बननी तय है। भाजपा वहां एक बहुत बड़े बहुमत के साथ आगे जा रही है। बंगाल में विजय निश्चित है। पुडुचेरी में सरकार बननी तय है। तमिलनाडु में अच्छा प्रदर्शन होगा। केरल में भाजपा एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रही है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि बंगाल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के लिए वोट दिया है। मतदान प्रतिशत लगभग 92% था, जो इस बात का प्रतीक है कि बंगाल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा दिखाया है। बंगाल में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। 4 मई बंगाल के लिए एक शुभ दिन होगा। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम-भवानीपुर विधानसभा सीटों से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं ग्राउंड का एग्जिट पोल बता रहा हूं, भाजपा को 180 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। अच्छे बहुमत से भाजपा सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बन रही है। हिंदुओं ने खुलकर वोट किया।
90% से ज्यादा मतदाताओं ने मतदान किया: सुवेंदु
सुवेंदु ने कहा कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में 90% से ज्यादा मतदाताओं ने मतदान किया है। यह एक रिकॉर्ड है। 2021 में यहां वोटर टर्नआउट 82% था, 2024 में 78% था, लेकिन यहां की सत्ताधारी पार्टी ने मृत और नकली वोटों का इस्तेमाल करके उनमें फ्रॉड किया था। इस बार वे सिर्फ 10-12 नकली वोट ही डाल पाए, जिसमें वार्ड 77 के कुछ बूथों पर बुर्का पहने 4-5 आदमियों ने वोट डाला। हमने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद वे भाग गए और बांग्लादेशी मुसलमानों, जय बांग्ला का नारा लगाने लगे। खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि कल रिकॉर्डतोड़ वोटिंग हुई और यह ऐतिहासिक है। सभी लोगों ने वोटिंग की है। सभी को धन्यवाद। ममता बनर्जी इतनी सभाएं करती हैं मगर उनके पास केवल SIR का ही मुद्दा था। इस बार के चुनाव में किसी की जान नहीं गई है। मतदान में कोई व्यवधान नहीं आया है। भाजपा सरकार बनाएगी।
जनता ने कभी ऐसा चुनाव नहीं देखा: भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य की जनता ने कभी ऐसा चुनाव नहीं देखा है और लोग एक त्यौहार के रूप में इस चुनाव में शामिल हुए। यह लोकतंत्र की लड़ाई थी। यह हिंदू, बंगाली लोगों के अस्तित्व की लड़ाई थी। सभी बंगालियों ने एकजुट होकर आज चुनाव में भाग लिया। TMC की विदाई निश्चित है। 4 मई दीदी गई। खेला खत्म हो गया है। यह जनता बनाम ममता का चुनाव था। उन्होंने आगे कहा कि हम पश्चिम बंगाल के लोगों का धन्यवाद करते हैं। लोगों ने भयमुक्त होकर इस बार मतदान किया है, और साफ तौर पर कहा है कि परिवर्तन के लिए वोट कर रहे हैं। जिस स्तर की विभाजन की राजनीति TMC करती है, उसके खिलाफ लोगों ने वोट किया है। पहले चरण में लोगों ने परिवर्तन के लिए मतदान किया था, दूसरे चरण में भी हमें वही देखने को मिल रहा है। यही होने वाला था। जिन लोगों ने कहा था कि हम डीजे बजाएंगे, हम उम्मीद करते हैं कि वे 4 तारीख के बाद हमारे लिए डीजे बजाएंगे।
4 तारीख का नतीजा भाजपा के पक्ष में आएगा: साहा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि मैं बंगाल में बहुत जगह गया हूं, मैंने देखा कि वहाँ काफी अच्छी प्रतिक्रिया है और जनता चाहती है कि वहां परिवर्तन हो। 34 साल वाम दल ने राज किया, फिर उन्हें हटाकर 15 साल TMC ने राज किया, लेकिन अब जनता चाहती है कि वहां परिवर्तन हो। वहां चुनाव सही से नहीं होता था, लेकिन इस बार सेंट्रल फोर्स भी लगाई गई थी और चुनाव आयोग ने फर्जी मतदाताओं के नाम भी हटाएं। जनता परिवर्तन चाहती है कि 4 तारीख का नतीजा भाजपा के पक्ष में आएगा। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि 4 मई को 5 राज्यों (केरलम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, पश्चिम बंगाल) के परिणाम आने वाले हैं। पश्चिम बंगाल का चुनाव हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और वहां हमने बहुत कोशिश की है। बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने के लिए हमने वहां प्रचार किया है। हमें विश्वास है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा-NDA की सरकार बनेगी।
लोगों को भाजपा की विचारधारा और नेतृत्व अच्छा लगा: सारंगी
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नेतृत्व और भाजपा के कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत रंग ला रही है। लोगों को भाजपा की विचारधारा और नेतृत्व अच्छा लगा। असम में हमारी सरकार थी और हमारी ही सरकार रहेगी। जो सुशासन का माहौल वहां बनाया गया है, जनता चाहती है कि उसे और आगे ले जाएं। लोग पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन की सरकार चाह रहे हैं। जहां डबल इंजन सरकार है, वहां निश्चित तौर पर डबल फायदा होता है और डबल गति से विकास होता है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हम स्पष्ट रूप से आगे दिख रहे हैं। एग्जिट पोल में जैसा हमने सोचा था वैसा ही नतीजा दिख रहा है। हम तमिलनाडु में भी बहुत आशान्वित थे वहां DMK, AIADMK-BJP में कांटे की टक्कर है, जो भी होता है हम जनता को धन्यवाद देते हैं।
केरलम में हम कमजोर दिख रहे हैं: सांसद तिवारी
सांसद तिवारी ने कहा कि केरलम में हम कमजोर दिख रहे हैं, लेकिन हमें विश्वास है कि आज नहीं तो कल वहां भी भाजपा का शासन होगा। पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल से हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है, हर तरफ से इस बार जिस तरह लोगों ने प्रेम दिया है मैं लोगों का धन्यवाद देता हूं। पश्चिम बंगाल के बारानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सजल घोष ने कहा कि हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे, भाजपा की सरकार बनेगी। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनेगी, यह पश्चिम बंगाल के लोगों की सरकार होगी। सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को संयम रखना चाहिए और नतीजों का इंतजार करना चाहिए। यह जश्न मनाने का समय नहीं है, यह हमारे लिए बहुत सावधानी से संगठित होने का समय है। हमने देखा है कि पहले भी कैसे TMC ने काउंटिंग सेंटर्स पर कई गड़बड़ियां की हैं, इसलिए मैं सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि कड़ी नजर रखें। हम आशान्वित हैं कि इस बार भाजपा की सरकार बनेगी।
4 तारीख को PM के नेतृत्व में जीत मिलेगी: अर्जुन सिंह
नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि सरकार बन रही है। 4 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जीत मिलेगी और सरकार बनेगी। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी की आंधी चल रही है, देश की जनता ने हर एक राज्य में यह बात स्वीकार की है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्यों में डबल इंजन सरकार बननी चाहिए। असम, बंगाल, पुडुचेरी, तमिलनाडु हर जगह लहर है, यह एग्जिट पोल कह रहे हैं। यह बहुत प्रसन्नता की बात है कि एग्जिट पोल कह रहे हैं कि भाजपा और मज़बूत हो रही है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि सिर्फ असम ही नहीं पुडुचेरी और बंगाल में भी NDA को बढ़त है और केरलम में भी हमारे मत प्रतिशत को बढ़ते दिखाया गया है और तमिलनाडु में NDA का प्रदर्शन पहले से बेहतर दिख रहा है। मैं समझता हूं कि वास्तविक परिणाम इससे भी बेहतर होंगे।
NDA की पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में जीत होगी: धर्मपाल
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेतृत्व में जो हमारा सुशासन है, जो हम काम कर रहे हैं, उसके आधार पर जनता अपना फैसला करती है। पश्चिम बंगाल में जनता गुंडागर्दी, तुष्टिकरण की राजनीति से ऊब गई है और जनता वहां भाजपा को बहुत बड़ी जीत देने जा रही है। हम कार्यों के आधार पर जनता से समर्थन मांगते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से NDA की पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में जीत होगी, भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बंगाल से लेकर असम तक हर जगह भाजपा सरकार बन रही है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ आ रही है, यह एग्जिट पोल में दिख रहा है।
समाजवादी पार्टी, कांग्रेस को 2027 में सजा मिलेगी: मौर्य
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर जनता का आभार जताया है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा नारी के सम्मान में, भाजपा मैदान में। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि आधी आबादी को उनका हक दिलाकर रहेंगे। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, DMK, TMC ने जो इसमें बाधा डाली है उसकी सजा इन्हें मिलेगी। ममता बनर्जी को 2026 में सज़ा मिल चुकी है, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस को 2027 में मिलेगी। JDU सांसद संजय कुमार झा ने पश्चिम बंगाल को लेकर कहा कि एग्जिट पोल जो दिखा रहे हैं उसके मुताबिक NDA आगे है। फीडबैक के हिसाब से वहां NDA आगे है। देश में बूथ कब्जा कैसे किया जाता है, बंगाल उसका उदाहरण है। इस बार बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव हुआ है। मुझे लगता है कि इस बार बंगाल में निश्चित रूप से NDA की सरकार बनेगी। (BJP on Exit Polls)



