एग्जिट पोल 2026: तमिलनाडु और केरल में बदलाव के संकेत, असम-पुडुचेरी में सत्ता बरकरार, 4 मई को आएंगे नतीजे

Assembly Election Exit Polls: देश में विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। इन अनुमानों में अलग-अलग राज्यों में सत्ता परिवर्तन और वापसी के संकेत मिल रहे हैं। तमिलनाडु में आए 9 एग्जिट पोल में से 6 ने DMK गठबंधन (DMK+) की सरकार बनने का अनुमान जताया है। इन नतीजों के मुताबिक राज्य में सत्तारूढ़ दल के खिलाफ माहौल देखने को मिला है और विपक्षी गठबंधन को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। राज्य में महिलाओं के लिए घोषित योजनाएं, सामाजिक कल्याण वादे और स्थानीय मुद्दे चुनावी रुझानों को प्रभावित करने वाले अहम फैक्टर माने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल का एग्जिट पोल 2026 जारी, 7 में से 5 में भाजपा सरकार, इस बार कांटे की टक्कर
केरल में कुल 6 एग्जिट पोल सामने आए हैं और सभी में UDF (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) की सरकार बनने का अनुमान है। अगर ये नतीजे सही साबित होते हैं तो राज्य में करीब एक दशक बाद सत्ता परिवर्तन देखने को मिल सकता है। विश्लेषकों के मुताबिक एंटी-इन्कम्बेंसी और स्थानीय मुद्दों ने मतदाताओं के फैसले को प्रभावित किया है। असम में 11 एग्जिट पोल जारी किए गए हैं और सभी में BJP की वापसी का अनुमान लगाया गया है। यह संकेत देता है कि राज्य में सत्तारूढ़ सरकार के प्रति जनता का भरोसा बना हुआ है। विकास कार्य, क्षेत्रीय संतुलन और नेतृत्व की स्थिरता को भाजपा के पक्ष में जाने वाला मुख्य कारण माना जा रहा है। (Assembly Election Exit Polls)

पुडुचेरी में 4 एग्जिट पोल आए हैं और सभी में NDA की वापसी का अनुमान है। छोटे राज्य होने के बावजूद यहां का चुनावी रुझान राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। स्थानीय गठबंधन समीकरण और केंद्र के साथ तालमेल को यहां निर्णायक फैक्टर माना जा रहा है। चारों राज्यों में इस बार 3% से 12% तक मतदान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी बड़ी वजह वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) मानी जा रही है, जिसमें डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसके अलावा महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। तमिलनाडु में महिलाओं का वोट प्रतिशत पुरुषों से करीब 2% ज्यादा रहा। वहीं असम में 1%, केरल में 5% और पुडुचेरी में 3% ज्यादा रहा। सरकारी योजनाएं, नकद सहायता, मुफ्त यात्रा और आरक्षण जैसे वादों ने महिला वोटर्स को मतदान के लिए प्रेरित किया। अब सभी की नजरें 4 मई पर हैं, जब मतगणना होगी और नतीजे सामने आएंगे। तभी साफ होगा कि एग्जिट पोल कितने सटीक साबित होते हैं।
एग्जिट पोल में देखिए कहां किसकी सरकार




