पश्चिम बंगाल में मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के पार, PM मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई, वहां चारों सीटों पर BJP आगे

West Bengal Vote Counting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को फिर मतदान होगा। शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के पार पहुंच गई है। बता दें कि प्रदेश में बहुमत का आंकड़ा 147 है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 100 से भी कम सीटों पर आगे चल रही है। दिलचस्प रूप से जिन इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी, उन चारों सीटों यानी झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम पर भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी
वहीं भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगे चल रही हैं, नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी आगे हैं। इसके अलावा आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ भी बढ़त बनाए हुए हैं। भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा की है। भगवान हमारे साथ है। सनातन का हित रखने वाली सरकार बंगाल में आ रही है। यूपी और बिहार में भी ऐसा जंगलराज था, जो भाजपा की सरकार आने के बाद खत्म हो गया। परिवर्तन हो रहा है। भाजपा सरकार बंगाल में आ रही है।जोरासांको से भाजपा उम्मीदवार विजय ओझा ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। जनता का आशीर्वाद और साथ हमें मिला है। बंगाल में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो जाना और लोगों ने जाकर वोट किया, यही सबसे बड़ी जीत है।
भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय ने किया जीत का दावा
मानिकतला से भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय ने कहा कि 168-174 सीटें भाजपा को मिलनी चाहिए। TMC आरोप लगा रही है, उन्हें अच्छा नहीं लग रहा कि इस बार चुनाव में खून नहीं बहा। माथाभांगा से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि पूरा बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे और पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार का गठन होगा। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का सपना साकार हो रहा है। आज हमारी सरकार बनकर रहेगी। स्वतंत्रता के बाद ऐसा चुनाव किसी बंगाली ने नहीं देखा है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो गए हैं। महाजंगलराज समाप्त होकर रहेगा। (West Bengal Vote Counting)
2-3 घंटे इंतजार कर सकते हैं: हुमायूं कबीर



