Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर समेत कई जिलों में थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी देखने को मिल रही है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने और हल्की आंधी की भी संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले में न निकलने और पेड़ों-बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी के चलते सावधानी बरतना जरूरी है। 

यह भी पढ़ें:- कवर्धा में भीषण सड़क हादसा, पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, 4 युवकों की मौत, 2 की हालत नाजुक

मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आया है, जिससे गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जोखिम भी बढ़ा है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले में हल्के गरज-चमक वाले तूफान, बिजली और बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बदला हुआ रहने की संभावना है। खासकर 5 मई को मौसम गतिविधियों के और तेज होने का अनुमान है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

वहीं पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है, जबकि अन्य जगहों पर तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ। 4 मई को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है। रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

ऐसा रहा शहरों में तापमान 

शहर अधिकतम न्यूनतम
राजनांदगांव 44.0° 23.4°
रायपुर 41.8° 27.4°
बिलासपुर 39.6° 24.6°
दुर्ग 37.5° 23.2°
अंबिकापुर 37.5° 21.7°
पेंड्रारोड 37.4° 22.4°
जगदलपुर 36.8° 21.3°

24 घंटे में इन जगहों पर हुई बारिश

शहर बारिश
जगरगुंडा 20 मिमी
सुकमा 20 मिमी
जगदलपुर 10 मिमी

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि अचानक बदलते मौसम का असर फसलों और जनजीवन दोनों पर पड़ सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है, और लोगों से अपील की गई है कि वे जारी चेतावनियों का पालन करें, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!