Google Analytics —— Meta Pixel

पश्चिम बंगाल में मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के पार, PM मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई, वहां चारों सीटों पर BJP आगे

West Bengal Vote Counting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को फिर मतदान होगा। शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के पार पहुंच गई है। बता दें कि प्रदेश में बहुमत का आंकड़ा 147 है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 100 से भी कम सीटों पर आगे चल रही है। दिलचस्प रूप से जिन इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी, उन चारों सीटों यानी झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम पर भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी

वहीं भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगे चल रही हैं, नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी आगे हैं। इसके अलावा आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ भी बढ़त बनाए हुए हैं। भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा की है। भगवान हमारे साथ है। सनातन का हित रखने वाली सरकार बंगाल में आ रही है। यूपी और बिहार में भी ऐसा जंगलराज था, जो भाजपा की सरकार आने के बाद खत्म हो गया। परिवर्तन हो रहा है। भाजपा सरकार बंगाल में आ रही है।जोरासांको से भाजपा उम्मीदवार विजय ओझा ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। जनता का आशीर्वाद और साथ हमें मिला है। बंगाल में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो जाना और लोगों ने जाकर वोट किया, यही सबसे बड़ी जीत है। 

भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय ने किया जीत का दावा

मानिकतला से भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय ने कहा कि 168-174 सीटें भाजपा को मिलनी चाहिए। TMC आरोप लगा रही है, उन्हें अच्छा नहीं लग रहा कि इस बार चुनाव में खून नहीं बहा। माथाभांगा से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि पूरा बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे और पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार का गठन होगा। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का सपना साकार हो रहा है। आज हमारी सरकार बनकर रहेगी। स्वतंत्रता के बाद ऐसा चुनाव किसी बंगाली ने नहीं देखा है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो गए हैं। महाजंगलराज समाप्त होकर रहेगा। (West Bengal Vote Counting)

2-3 घंटे इंतजार कर सकते हैं: हुमायूं कबीर

AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा कि हम 2-3 घंटे इंतजार कर सकते हैं और उसके बाद सब कुछ साफ हो जाएगा। हमें बहुत जल्द ट्रेंड्स पता चल जाएंगे। काउंटिंग एजेंट्स काउंटिंग सेंटर पर पहुंच गए हैं। मैं भी वहां गया था। सब कुछ ठीक है। दिल्ली से भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि भाजपा और NDA का परचम लहराने वाला है। कुछ ही घंटों में पता चल जाएगा कि NDA और भाजपा का परचम असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में लहराने वाला है। हम केरल में एक अच्छी मत प्रतिशत हासिल करेंगे। हम बहुत जल्द यहां जश्न मनाएंगे। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी जाने वाली हैं और वहां भाजपा की सरकार बनने वाली है। हमें पूरा विश्वास है। 

सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था

भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने कहा कि आज 5 राज्यों यानी केरल, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में मतगणना हो रही है।सबकी निगाहें बंगाल पर है। जनता बंगाल में बदलाव के मूड में है। TMC को हटाना है और भाजपा को लाना है। कुछ घंटों में स्थिति साफ हो जाएगी। कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आशीष बिस्वास ने बताया कि चुनाव आयोग के साफ दिशा-निर्देश हैं। 3 लेयर सिक्योरिटी है पहली, दूसरी और तीसरी लेयर। सिलीगुड़ी के सीपी सैयद वकार रजा ने कहा कि सब कुछ कंट्रोल में है। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हम उम्मीद करते हैं कि सब कुछ ठीक रहेगा। एसपी सूर्य प्रताप यादव ने कहा कि काउंटिंग सेंटर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हमारे सभी अधिकारी भी तैनात हैं। चेकिंग करके ही लोगों को अंदर भेजा जा रहा है। हम आशा करते हैं कि सब ठीक रहेगा। फिलहाल रुझानों में भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं, लेकिन अंतिम नतीजों के लिए अभी इंतजार करना होगा। अगले कुछ घंटों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी कि पश्चिम बंगाल में सत्ता किसके हाथ जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!