Google Analytics —— Meta Pixel

जेल से छूटते ही बदमाश का खूनी खेल, गवाही देने वाले युवक पर चाकू से हमला

Stabbing in Bhilai: दुर्ग जिले के भिलाई में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जहां जेल से छूटते ही एक बदमाश ने पुरानी रंजिश निकालते हुए युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला छावनी थाना क्षेत्र के सूर्य नगर का है, जहां मंगलवार रात करीब 10 बजे यह वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक हेमराज निषाद अपने एक दोस्त के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान इलाके का ही बदमाश गेंदलाल वहां पहुंचा और हेमराज से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से हेमराज पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में फर्जी जॉब लेटर गैंग का भंडाफोड़, टीचर-चपरासी ने 34 लोगों से 1.5 करोड़ ठगे

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले हेमराज ने एक मामले में आरोपी गेंदलाल के खिलाफ कोर्ट में गवाही दी थी, जिसके चलते उसे जेल जाना पड़ा था। इसी बात की खुन्नस में जेल से छूटते ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि हेमराज संभल भी नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं उसके साथ मौजूद दोस्त भी हमले में घायल हुआ है। घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हेमराज को छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे युवक की हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी जारी है। (Stabbing in Bhilai)

पुलिस ने आरोपी गेंदलाल को किया गिरफ्तार 

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गेंदलाल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। भिलाई की इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल से छूटने के बाद बदमाश का इस तरह खुलेआम हमला करना पुलिस निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ाता है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में कितनी सख्ती दिखाती है और क्या ऐसे आरोपियों पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके।

Back to top button
error: Content is protected !!