चरित्र संदेह में हैवान बना पति, पत्नी को चूहामार खिलाकर मारने की कोशिश, तीन दिन बाद होश में आई महिला
Attempt to Kill Wife: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के मचखंडा गांव में 65 साल के पति ने अपनी पत्नी को जबरन चूहामार दवा खिलाकर मारने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के मुताबिक आरोपी रामरतन सूर्यवंशी लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट करता था। इसके बावजूद महिला परिवार के साथ रह रही थी।
यह भी पढ़ें:- बालोद में रिश्ते हुए शर्मसार, नशे में बेटे ने तलवार से मां-बाप पर किया वार, पिता की 3 उंगलियां कटी
पीड़िता ने 4 मई को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 8 अप्रैल की सुबह आरोपी ने घर में चूहे होने की बात कहकर उसे गांव की दुकान से चूहामार दवा लाने के लिए कहा। पत्नी दवा लाकर पति को दे दी। इसके बाद आरोपी उसे लकड़ी लाने के बहाने कुमीहाखार की ओर ले गया, जहां उसने जबरदस्ती उसे चूहामार दवा खिला दी। दवा के असर से महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों को जानकारी मिलने पर उसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। (Attempt to Kill Wife)
तीन दिन बाद होश, फिर खुला राज
करीब तीन दिन बाद जब महिला को होश आया, तब उसने अपने बेटे को पूरी घटना बताई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। महिला की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामरतन सूर्यवंशी ने पत्नी को चूहामार दवा खिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और चरित्र संदेह के नाम पर बढ़ते अपराधों को उजागर करती है। पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलों में चुप न रहने और तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।




