छत्तीसगढ़ में युवा जिंदगी पर संकट, बालोद में ट्रेन के आगे कूदे प्रेमी, 11वीं में फेल होने पर जांजगीर में कुदरी बैराज से कूदा छात्र
Suicide in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग में एक नाबालिग लड़की और युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र के चोरहापड़ाव रेलवे ट्रैक की है। मृतकों की पहचान साल्हे गांव की 16 साल की लिलिसा उइके और कुम्हालोरी गांव के 20 साल के जितेश्वर तारम के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार शाम से ही घर से लापता थे, जिनकी तलाश परिजन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच दोनों दल्लीराजहरा से भानुप्रतापपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने पटरी पर लेट गए।
यह भी पढ़ें:- हॉलीडे पैकेज के नाम पर फंसे लोग, ठगों ने तोड़े छुट्टियों के सपने, मैग्नेटो मॉल से चल रहा था पूरा रैकेट
ट्रेन की चपेट में आने से दोनों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना लोको पायलट ने आरपीएफ को दी, जिसके बाद डौंडी पुलिस और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में एक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 11वीं के छात्र शिवम साहू ने कुदरी बैराज से हसदेव नदी में छलांग लगा दी।
फेल होने पर उठाया खतरनाक कदम
जानकारी के मुताबिक छात्र रिजल्ट खराब आने से मानसिक रूप से परेशान था। उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बैराज में कूदने की बात कही थी। शाम करीब 4 बजे एक ऑटो चालक ने उसे बैराज के गहरे पानी में कूदते हुए देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार प्रशांत पटेल और सरपंच की मौजूदगी में बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल छात्र की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हालांकि अभी तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इधर, सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत भवरखो-आनंदपुर जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। (Suicide in Chhattisgarh)
जीजा के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी युवती
बताया जा रहा है कि युवती एक दिन पहले घर से निकली थी, जिसके बाद उसका शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। युवती अपने जीजा के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी, जिससे मामले ने और भी गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने समाज में बढ़ते मानसिक दबाव, रिश्तों की जटिलता और युवाओं में बढ़ती असहनीय परिस्थितियों को उजागर कर दिया है। पुलिस तीनों ही मामलों में जांच कर रही है और सच्चाई सामने लाने की कोशिश जारी है। (Suicide in Chhattisgarh)



