Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 60 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के मौसम लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन होने की संभावना जताई है। साथ ही कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक यूपी से ओडिशा तक बनी ट्रफ लाइन और उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यह ट्रफ लाइन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है, जिससे बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है और बारिश, गरज-चमक की स्थिति बन रही है।

यह भी पढे़ें:- रायपुर में स्कूल की दीवार गिरने से 3 बच्चियां घायल, एक का पैर टूटा, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई तक प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। जबकि 11 मई के बाद सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा और मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। इसके बाद 12 मई से तापमान में फिर बढ़ोतरी का दौर शुरू हो सकता है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में 39.4 डिग्री, सुकमा में 38.8 डिग्री, बेमेतरा में 38.2 डिग्री, कवर्धा में 37.6 डिग्री, बिलासपुर में 37.4 डिग्री और जगदलपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Rain Alert in Chhattisgarh
Weather File Photo

दूसरी ओर अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। लगातार बदलते मौसम के बीच लोगों को तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक तेज गर्मी के बाद अचानक बारिश और ठंडी हवाओं से वायरल संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को खानपान और सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!