Google Analytics —— Meta Pixel

मदर्स डे पर सौगात : रायपुर महिला जेल में वीडियो कॉलिंग सिस्टम का शुभारंभ

बंदिनियों को मिली अपनों से जुड़ने की नई राह

रायपुर। मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल की बंदिनियों के लिए खुशियों की नई किरण लेकर आई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप जेल प्रशासन ने महिला बंदिनियों के लिए प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया।

यह भी पढ़े :- RCB ने अपने इंस्टा हैंडल में शेयर किया छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत का वीडियो..50 लाख लोगों ने देखा

जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए अनुबंध के तहत स्थापित इस सुविधा के माध्यम से अब महिला बंदिनियां अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से सीधे वीडियो कॉल के जरिए संवाद कर सकेंगी। इससे न केवल परिवारों से दूरी कम होगी, बल्कि बंदिनियों को मानसिक संबल और कानूनी मामलों में भी सहायता मिल सकेगी।

हुनर को मिला सम्मान

‘निश्चय’ कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसे उनके पुनर्वास और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

वहीं, जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 मासूम बच्चों को विभाग की ओर से विशेष उपहार वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान से जेल परिसर का माहौल भावुक और उत्सवमय नजर आया।

इस संवेदनशील पहल के शुभारंभ अवसर पर हिमांशु गुप्ता (डीजी जेल), योगेश सिंह क्षत्री (जेल अधीक्षक), विजय छबलानी (प्रतिनिधि, बीएसएनएल), गरिमा पांडेय (प्रभारी, महिला जेल) सहित जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, समस्त जेल स्टाफ एवं महिला बंदिनियां उपस्थित रहीं।

यह पहल न केवल बंदिनियों को उनके परिवारों से जोड़ने का माध्यम बनेगी, बल्कि जेल सुधार और तकनीकी समावेश की दिशा में एक सकारात्मक एवं मानवीय पहल के रूप में भी देखी जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!