Google Analytics —— Meta Pixel

जशपुर में रक्षक ही बना भक्षक, आरक्षक का विधवा शिक्षिका से फेसबुक पर दोस्ती, फिर बरसों तक किया रेप, 2 बार कराया गर्भपात 

Rape With Widow Women: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से खाकी को दागदार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां कांसाबेल थाने में पदस्थ एक आरक्षक पर एक विधवा शिक्षिका ने शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी आरक्षक ने न केवल पीड़िता का गर्भपात कराया, बल्कि उसकी निजी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जानकारी के मुताबिक पीड़िता एक विधवा शिक्षिका है, जिसके पति की मौत 2020 में हो गई थी। 

यह भी पढ़ें:- सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का जाल, दुर्ग से रायपुर तक बेरोजगारों के सपनों पर करोड़ों का खेल

वह अपने दो बच्चों के साथ जीवन यापन कर रही है। जनवरी 2023 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान आरक्षक रुद्रमणि यादव से हुई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शुरुआत में उसकी पारिवारिक समस्याओं को सुलझाने का भरोसा दिलाया और सहानुभूति जताकर उसे अपने झांसे में ले लिया। आरोप है कि 28 अप्रैल 2023 को आरोपी आरक्षक उसे घूमने के बहाने बटईकिला क्षेत्र की ओर ले गया और एक सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी का वादा कर वह लगातार महिला का शारीरिक शोषण करता रहा।

तस्वीरें वायरल कर किया बदनाम: पीड़िता

पीड़िता दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने डरा-धमकाकर और दवाइयां देकर उसका गर्भपात करा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में भी आरोपी उसे भुरसादाब के जंगलों में ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया। जब पीड़िता ने आरोपी से दूरी बनानी चाही तो आरक्षक अपनी असलियत पर उतर आया। आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया और रिश्तेदारों के बीच वायरल कर दी। आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसिया रसूख का इस्तेमाल कर पीड़िता की कॉल डिटेल निकलवाई और उसके परिचितों को फोन कर उसे बदनाम किया। (Rape With Widow Women)

Chhattisgarh Rape Case

पीड़िता का यह भी आरोप है कि जमीन दिलाने के नाम पर रुद्रमणि ने उससे और उसके भाई से करीब 2 लाख रुपये लिए, लेकिन न जमीन दिलाई और न पैसे लौटाए। पीड़िता की शिकायत और उसके प्रस्तुत अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र के आधार पर पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि आरोपी आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी रुद्रमणि यादव के खिलाफ कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। एक पुलिसकर्मी पर लगे इन संगीन आरोपों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!