Google Analytics —— Meta Pixel

दुर्ग के कुम्हारी में दर्दनाक हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Cylinder Blast in Durg: दुर्ग जिले के खपरी गांव से दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक कच्चे मकान में लगी आग के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घर के पास लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसी से निकली चिंगारी ने धीरे-धीरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते हुए किचन तक पहुंची, जहां गैस सिलेंडर रखा हुआ था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में PM मोदी की अपील पर सियासत, कांग्रेस बोली- पहले नेता छोड़ें लग्जरी गाड़ियां, मंत्रियों ने किया पलटवार

आग की तीव्रता बढ़ने के साथ ही सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भयानक था कि पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही मिनटों में घर जलकर खाक हो गया। घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। मृतकों की पहचान 45 साल के अनिल वैष्णव, 20 साल साल की बड़ी बेटी लक्ष्मी वैष्णव, 18 साल की छोटी बेटी चांदनी वैष्णव और डेढ़ साल की गोपिका वैष्णव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार के कुछ सदस्य हादसे के समय घर के बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। कुछ ही देर में घर पूरी तरह राख में बदल गया।

परिवार ने आज ही गैस सिलेंडर भरवाकर घर लाया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचे सांसद विजय बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है। सरकार की ओर से मुआवजे की भी घोषणा की गई है, जिसमें पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। CM साय ने हादसे को लेकर दुख जताया है। (Cylinder Blast in Durg)

CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख

CM साय ने ट्वीट कर कहा कि दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर विस्फोट से एक ही परिवार के चार सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है, इस दुःखद घटना से मन अत्यंत व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है, जो कि शासन के नियमों के तहत दी जाने वाली 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के अतिरिक्त होगी। प्रभावित परिजनों के ठहरने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और घटना की जांच के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। 

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट और आग के फैलने की पूरी तकनीकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा कैसे इतना भयावह रूप ले गया। इस हादसे के बाद खपरी गांव और पूरे कुम्हारी क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजन सदमे में हैं और स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन दिया गया है। (Cylinder Blast in Durg)

Back to top button
error: Content is protected !!