कान्हा किसली घूमने गए रायपुर के कांग्रेस नेता का निधन, स्विमिंग पूल में नहाते वक्त आया हार्ट अटैक
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दुखद खबर सामने आई है। रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता अमित दास का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कान्हा किसली नेशनल पार्क गए हुए थे, जहां एक निजी रिजॉर्ट में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिवार, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड के पूर्व पार्षद अमित दास गुरुवार रात अपने दोस्तों के साथ रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके गले में पानी चला गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने और प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार सुबह उनका शव रायपुर लाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार दोपहर 3 बजे लक्ष्मी नगर स्थित प्रिंस कॉलोनी निवास से गोकुल नगर मठपुरेना के लिए निकलेगी।
अमित दास रायपुर नगर निगम क्षेत्र के संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे। वे नगर निगम में एमआईसी सदस्य भी रह चुके थे और कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे।
उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
वहीं, हाल ही में कांकेर जिले से भाजपा के वरिष्ठ नेता महावीर सिंह राठौड़ के निधन की खबर भी सामने आई थी। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया था।
यह भी पढ़े :- 21 जून को NEET-UG री-एग्जाम, 14 जून तक जारी होंगे नए एडमिट कार्ड, अगले साल से ऑनलाइन होगी परीक्षा



