Google Analytics —— Meta Pixel

इस बार मानसून जल्द देगा दस्तक, लेकिन सुपर अल नीनो बढ़ा सकता है खतरा, कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

Monsoon Entry in India: देश में इस बार मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है, लेकिन इसके साथ ही सुपर अल नीनो का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 26 मई को केरल पहुंच सकता है, जो सामान्य तारीख 1 जून से करीब 4 दिन पहले है। हालांकि अमेरिकी मौसम एजेंसी नेशनल ओशेनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने चेतावनी दी है कि इस साल सुपर अल नीनो बनने की संभावना काफी ज्यादा है। इससे भारत में मानसून कमजोर पड़ सकता है, सूखे की स्थिति बन सकती है और भीषण गर्मी का दौर लंबा खिंच सकता है।

क्या है अल नीनो ?

अल नीनो एक जलवायु प्रक्रिया है, जिसमें प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। इसका असर दुनियाभर के मौसम पर पड़ता है। भारत में इससे मानसूनी हवाएं कमजोर हो जाती हैं, बारिश कम होती है और तापमान तेजी से बढ़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि सुपर अल नीनो की स्थिति बनने पर देश के कई हिस्सों में सूखा और गंभीर हीटवेव देखने को मिल सकती है। इधर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और विदर्भ में फिलहाल भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में रात के समय भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें:- देश में तेल की कमी रोकने के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, भारत ने पेट्रोल एक्सपोर्ट पर लगाया 3 रुपए प्रति लीटर टैक्स

कब किन राज्यों में पहुंचेगा मानसून ?

शुक्रवार को महाराष्ट्र के अमरावती में अधिकतम तापमान 45.6°C दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान के फलौदी में पारा 44.8°C तक पहुंच गया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तापमान 42°C पार होने से कई जगहों पर सड़क का डामर पिघल गया। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून सामान्य से पहले कई राज्यों में पहुंच सकता है। मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। इसके बाद मानसून बिहार में 8 से 10 जून, मध्य प्रदेश में 12 जून, उत्तर प्रदेश में 18 जून और राजस्थान में 20 जून तक पहुंच सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ में मानसून 10 से 16 जून के बीच पहुंच सकता है। हालांकि इसकी रफ्तार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसमी सिस्टम पर निर्भर करेगी।

अगले दो दिनों ऐसा रहेगा मौसम

17 मई को झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के 19 जिलों और हरियाणा के 8 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है। राजस्थान और पंजाब में अगले एक सप्ताह तक हीटवेव चलने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। 18 मई को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है, जहां रातें भी गर्म रह सकती हैं। वहीं मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी लू चलने की संभावना है। दूसरी ओर असम, मेघालय, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। (Monsoon Entry in India)

राजस्थान के कई जिलों में आंधी-बारिश

राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली, दौसा और धौलपुर में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। फलौदी शुक्रवार को राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। मध्य प्रदेश में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। शुक्रवार को 12 शहरों का तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। खंडवा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45.1°C पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन और मंडला समेत कई जिलों में रात में भी गर्म हवाएं चलने का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के झांसी, ललितपुर समेत 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब रात के तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी होगी। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.2°C रिकॉर्ड हुआ।

हरियाणा में पांच दिन लू का अलर्ट

हरियाणा में राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। देशभर में मौसम का मिजाज फिलहाल दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ कई राज्यों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ रही हैं तो दूसरी ओर उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। अब सबकी नजर मानसून की रफ्तार और अल नीनो के असर पर टिकी हुई है, , क्योंकि यही तय करेगा कि आने वाले दिनों में देश को राहत मिलेगी या गर्मी और सूखे का संकट और गहरा होगा। (Monsoon Entry in India)

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए ?

  • दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
  • ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
  • बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत।
  • बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढंककर रखें।
  • तेज गर्मी में लंबे समय तक वाहन या खुले स्थान पर न रहें।
Back to top button
error: Content is protected !!