कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी पर बीजेपी भड़की, नितिन नबीन ने कहा- यह अराजकतावादी मानसिकता

Naveen on Rahul Statement: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर राहुल गांधी का बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जो उनकी अराजकतावादी और विभाजनकारी मानसिकता को उजागर करता है। भारतीय राजनीति में जहां शुचिता और परस्पर सम्मान की परंपरा रही है, वहां ऐसी अमर्यादित भाषा पूरी तरह अस्वीकार्य है। लगातार चुनावी पराजयों से उपजी हताशा और निराशा अब उनके बयानों में साफ दिखाई दे रही है। राहुल गांधी के पूर्वजों ने जहां देश की जमीन और जमीर को गिरवी रखने का कार्य किया था, वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जमीन सुरक्षित हुई है और देशवासियों का आत्मविश्वास भी सशक्त हुआ है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला FAO का सर्वोच्च ‘एग्रीकोला मेडल’, PM ने किसानों को समर्पित किया सम्मान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का सम्मान निरंतर बढ़ रहा है। अनेक देशों द्वारा प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है, ऐसे समय में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री जी के लिए इस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस का पर्याय हमेशा भ्रष्टाचार रहा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का पर्याय राष्ट्रवाद, सुशासन और जनसेवा की राजनीति है। देश की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब देगी। उन्होंने आगे कहा कि जिन्होंने आतंकवाद पर लगाम लगाई, जिन्होंने नक्सलवाद का खात्मा किया। क्या वो गद्दार हैं? या जिन्होंने आतंकवाद को पनाह दी, जिन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा दिया। वो गद्दार हैं ? देश की जनता सब देख रही है, सब जानती है और समय आने पर आपको जवाब भी देगी।
अब राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता: सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी दुश्मन देश की भाषा बोल रहे हैं। किसी हालत में देश के 140 करोड़ देशवासी ऐसी भाषा को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं, जिस पीएम मोदी को 32 राष्ट्रों ने अपने यहां का सर्वाच्च नागरिक पुरस्कार से नवाजा है ये कांग्रेस को कोई पूछने वाला है? इनको जनता नकार चुकी है इनके भाषा में निराशा है इसलिए इन्हें तुरंत देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हमेशा से ही 140 करोड़ देशवासियों की चिंता रही है। उन्हें हमेशा चिंता रहती है कि भारत कैसे आगे बढ़े। राहुल गांधी जिस स्तर पर जाकर बयान दे रहे हैं, उससे साफ प्रतीत होता है कि राहुल गांधी की देश के प्रति कोई सोच नहीं है। ऐसा लगता है कि उन्हें ज्ञान का अभाव है। अब राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। (Naveen on Rahul Statement)



