दहेज प्रताड़ना या बीमारी? चार दिन बाद कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भलपहरी गांव में विवाहिता विनीता पाटले की मौत का मामला संदिग्ध होता जा रहा है। दफनाए जाने के चार दिन बाद शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, मौत के चार दिन बाद मायके वालों ने उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले को संदिग्ध बताया। शिकायत के आधार पर प्रशासन की निगरानी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में मृतका के ससुर ने शव निकालने का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। मौके पर तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौजूद रहे।
मायके पक्ष का आरोप है कि पति मुकेश पाटले और उसके माता-पिता लंबे समय से विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि मुकेश आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था तथा कई बार उसे घर से निकाल देता था। परिजनों के अनुसार, विनीता अक्सर रोते हुए मायके पहुंचती थी, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार हर बार समझौता कर उसे वापस ससुराल भेज देता था।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले मुकेश ने विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी की थी। हाल ही में वह कुछ रिश्तेदारों को गांव के पंच-सरपंच बताकर गिधौरी पहुंचा और समझौते के नाम पर विनीता को अपने साथ ले गया था।
परिजनों का दावा है कि विनीता के शरीर पर चोट के कई निशान थे। नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। मृतका की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक विनीता पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी। ऐसे में अचानक मौत होने से परिवार को संदेह है।
परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि मौत बीमारी से हुई थी, तो पोस्टमार्टम कराने से बचने की कोशिश क्यों की गई। साथ ही ससुराल पक्ष सही जानकारी देने से भी बचता रहा।
वहीं, पति मुकेश पाटले ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। हालांकि, वह यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि विनीता बार-बार मायके क्यों चली जाती थी।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।



