Google Analytics —— Meta Pixel

Russia Ukraine War : रूस ने दागी परमाणु क्षमता वाली हाइपरसोनिक मिसाइल, कांपा कीव

Russia Ukraine War : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध (Russia Ukraine War) ने एक बार फिर भयावह रूप ले लिया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों और आत्मघाती ड्रोनों से बड़ा हवाई हमला किया। हमले में कई रिहायशी इमारतों, स्कूलों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत की आशंका जताई गई है।

रूस के रक्षा मंत्रालय और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पुष्टि की है कि रूस ने इस हमले में अपनी अत्याधुनिक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल ‘ओरेशनिक’ (Oreshnik) का इस्तेमाल किया। यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम मानी जाती है।

पूरी रात गूंजते रहे धमाके

भीषण हमले के बाद कीव में एयर रेड सायरन बजने लगे और नागरिकों को तुरंत बंकरों में शरण लेने की चेतावनी दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रूस ने एक साथ कई क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ ‘कामिकाजे’ ड्रोनों का इस्तेमाल किया।

यूक्रेन की एयर डिफेंस प्रणाली ने कई रूसी मिसाइलों और ड्रोनों को हवा में ही नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई मिसाइलें अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहीं।

ऊर्जा ठिकानों और रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना

रिपोर्ट्स के अनुसार रूसी हमले का मुख्य निशाना यूक्रेन के बिजली और ऊर्जा केंद्र थे। हमले के बाद कीव के कई हिस्सों में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो गई। इसके अलावा कई रिहायशी इलाकों में मिसाइलों का मलबा गिरने से भारी नुकसान हुआ है।

कीव सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में आवासीय भवनों समेत कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख मायकोला कलाश्निक ने कहा कि कीव क्षेत्र लगातार ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच इस बड़े हमले ने एक बार फिर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। (Russia Ukraine War)

यह भी पढ़े :- पुलिस को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन

Back to top button
error: Content is protected !!