Twisha Sharma case: सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा-“मृत बेटी से बेहतर तलाकशुदा बेटी”
Twisha Sharma case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में शीर्ष अदालत ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सुनवाई शुरू की है। सुनवाई (Twisha Sharma case) के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि “मृत बेटी से बेहतर तलाकशुदा बेटी होती है।”
सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के मीडिया इंटरव्यू पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार इंटरव्यू देकर ट्विशा की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लिया स्वत: संज्ञान?
मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि इस मामले में “संस्थागत भेदभाव” के आरोप लगाए जा रहे हैं, क्योंकि मृतका के पति पेशे से वकील हैं और सास पूर्व जज रह चुकी हैं। अदालत ने कहा कि ऐसा नैरेटिव बनाया जा रहा है कि न्यायपालिका इस मामले में निष्पक्ष न्याय नहीं कर पा रही, इसलिए सुप्रीम Court ने स्वत: संज्ञान लेकर सुनवाई शुरू की है।
CJI ने कहा, “हमें ट्विशा के परिवार के प्रति पूरी सहानुभूति है। यह बेहद दुखद घटना है।”
मीडिया से दूरी बनाने की अपील
सुनवाई के दौरान CJI ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि ट्विशा के परिवार को बार-बार इंटरव्यू के लिए परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि अदालत को उम्मीद है कि दोनों पक्ष जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
CJI ने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केवल सास के पूर्व जज होने के आधार पर अदालतों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चाहे जांच राज्य पुलिस करे या CBI, मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
मीडिया कवरेज पर तुषार मेहता की टिप्पणी
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मीडिया कवरेज की वजह से इस मामले से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं।
वहीं, गिरिबाला सिंह की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने कहा कि पुलिस के सामने दिया गया उनका धारा 161 का बयान मीडिया में लीक हो गया। इस पर तुषार मेहता ने जवाब देते हुए कहा कि गिरिबाला खुद विभिन्न चैनलों पर जाकर ट्विशा के खिलाफ बयान दे रही हैं और उनकी छवि खराब कर रही हैं। (Twisha Sharma case)



