भारत-अमेरिका रिश्तों में नई तेजी, रूबियो बोले- जल्द होगी ट्रेड डील, जयशंकर ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ नहीं बरती जाए नरमी

India and US Relation: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रूबियो ने कहा है कि भारत और अमेरिका के रिश्तों की रफ्तार धीमी नहीं हुई है और दोनों देशों के बीच जल्द व्यापार समझौता होने की उम्मीद है। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम और बाद में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका सिर्फ क्षेत्रीय सहयोगी नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण साझेदार हैं। रूबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। दोनों देशों का रिश्ता वैश्विक स्थिरता, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है।
यह भी पढ़ें:- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद को बताया PM मोदी का फैन, कहा- अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है भारत
बता दें कि अमेरिकी विदेश मंत्री बनने के बाद यह मार्को रूबियो का पहला आधिकारिक भारत दौरा है। वे शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके दौरे के दौरान व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन हुआ। रूबियो ने विदेश मंत्री S. जयशंकर से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका साझेदारी को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने आगे कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में भारत और अमेरिका का सहयोग वैश्विक स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आतंकवाद को लेकर किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर रहे हैं। इस मामले में जीरो टॉलरेंस होना चाहिए। भारत दौरे के दौरान रूबियो ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से भी मुलाकात की। बैठक में आतंकवाद, चीन-पाकिस्तान से जुड़ी चुनौतियों, रक्षा सहयोग, तेल-गैस, क्रिटिकल मिनरल्स और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी भरोसा बढ़ाने और रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।

भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों पर बोले रूबियो
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों और भेदभाव के सवाल पर रूबियो ने निराशा जताई। उन्होंने कहा कि हर देश में कुछ लोग बेवकूफी भरी बातें करते हैं। इससे किसी देश की असली पहचान तय नहीं होती। रूबियो ने कहा कि अमेरिका दुनिया के सबसे स्वागत करने वाले देशों में से एक है और भारतीय मूल के लोगों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था तथा समाज में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने खास तौर पर भारतीय-अमेरिकी समुदाय की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय मूल के लोग टेक्नोलॉजी, चिकित्सा, कारोबार और सार्वजनिक सेवाओं में अहम भूमिका निभा रहे हैं। (India and US Relation)

QUAD बैठक पर भी नजर
रूबियो ने कहा कि भारतीय समुदाय ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 20 अरब डॉलर से ज्यादा का योगदान दिया है और भविष्य में यह सहयोग और बढ़ेगा। रूबियो 26 मई को होने वाली QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग और चीन की बढ़ती गतिविधियों जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-अमेरिका संबंध अब केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रक्षा, तकनीक, वैश्विक राजनीति और रणनीतिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी दोनों देशों की साझेदारी लगातार मजबूत होती जा रही है। बता दें कि विदेश मंत्री जयशंकर ने US की आजादी की घोषणा के 250 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित US राष्ट्रीय दिवस रिसेप्शन में शामिल भी हुए। इसे लेकर उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र, बाजार अर्थव्यवस्था और खुले समाज के तौर पर भारत-अमेरिका के कई हित और विचार आपस में मिलते हैं।इस बात पर जोर दिया कि एक रणनीतिक साझेदारी के मज़बूत रिश्ते किस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार और मजबूत हो रहे हैं।(India and US Relation)



