Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद को बताया PM मोदी का फैन, कहा- अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है भारत

Trump on PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें अपना ‘महान दोस्त’ बताया है। ट्रंप ने कहा कि वे PM मोदी के बहुत बड़े फैन हैं और भारत अमेरिका पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में ट्रंप ने फोन के जरिए लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- Petrol Diesel Price Hike : 10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज ₹2.71 तक महंगा हुआ ईंधन

अमेरिकी राजदूत गोर ने कार्यक्रम के दौरान ट्रंप को फोन लगाया और स्पीकर ऑन कर वहां मौजूद मेहमानों को उनका संदेश सुनवाया। ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत और PM मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुझे भारत से प्यार है। प्रधानमंत्री मोदी महान हैं। वह मेरे दोस्त हैं। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। भारत मुझ पर और अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है। अगर भारत को कभी मदद की जरूरत पड़े तो उन्हें पता है कि कहां फोन करना है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत पहले कभी इतने करीब नहीं रहे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच भरोसा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। (Trump on PM Modi)

Trump on India Tariffs

उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका इस समय रिकॉर्ड आर्थिक प्रदर्शन कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास मजबूत अर्थव्यवस्था, रिकॉर्ड स्टॉक मार्केट और आधुनिक टेक्नोलॉजी है, जिसका फायदा भारत भी उठा सकता है। जानकारों के मुताबिक ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते और टैरिफ को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। दोनों देशों के बीच रक्षा, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और ऊर्जा सहयोग जैसे मुद्दों पर तेजी से काम हो रहा है।

PM मोदी की कई बार तारीफ कर चुके हैं ट्रंप

ट्रंप का यह कहना कि भारत अमेरिका पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है निवेश और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। हाल के महीनों में अमेरिका ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाए थे, जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक तनाव भी बढ़ा था। हालांकि बाद में अमेरिका ने कुछ टैरिफ में राहत दी और व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाया गया। सूत्रों के मुताबिक फरवरी 2026 में अमेरिका ने भारत पर लगाए गए कुछ शुल्कों को कम किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत और तेज हुई। यह पहला मौका नहीं है, जब ट्रंप ने PM मोदी की सार्वजनिक रूप से तारीफ की हो। इससे पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वे मोदी को अपना करीबी दोस्त बता चुके हैं।

2 साल में 11 बार फोन पर बातचीत

सितंबर 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित हाउडी मोदी कार्यक्रम में ट्रंप ने मोदी को भारत के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक बताया था। फरवरी 2020 में अहमदाबाद में आयोजित नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में ट्रंप ने मोदी को ‘टफ नेगोशिएटर’ और ‘असाधारण नेता’ कहा था। 2024 के अमेरिकी चुनाव अभियान के दौरान भी ट्रंप ने कहा था कि मोदी उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं और उनके कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंध मजबूत हुए। दोनों नेताओं के बीच पिछले दो सालों में 11 बार फोन पर बातचीत हुई। इन चर्चाओं में व्यापार, रक्षा सहयोग, आतंकवाद, इंडो-पैसिफिक रणनीति, रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया संकट और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे।

फरवरी 2025 में अमेरिका गए थे PM मोदी

जनवरी 2025 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली औपचारिक बातचीत हुई थी। इसके बाद फरवरी 2025 में PM मोदी की अमेरिका यात्रा से पहले दोनों नेताओं ने रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ट्रंप ने मोदी को फोन कर संवेदना व्यक्त की थी और आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका के समर्थन का भरोसा दिलाया था। जून 2025 में भारत-पाकिस्तान तनाव और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट तक बातचीत हुई थी। इसके अलावा पश्चिम एशिया संकट, होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति जैसे विषयों पर भी दोनों नेताओं ने कई बार चर्चा की।

ट्रंप हमेशा मोदी के बारे में पूछते हैं: अमेरिकी राजदूत

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप जब भी उनसे बात करते हैं तो प्रधानमंत्री मोदी के बारे में जरूर पूछते हैं। गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध केवल कूटनीतिक रिश्ते नहीं हैं, बल्कि यह साझा भरोसे और साझा हितों पर आधारित मजबूत साझेदारी है। उन्होंने कहा कि दोनों देश अब साझा सफलता के नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस साल अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर के निवेश को बढ़ावा देने में मदद की है। उनके मुताबिक दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहयोग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। (Trump on PM Modi)

Back to top button
error: Content is protected !!