Petrol Diesel Price Hike : 10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज ₹2.71 तक महंगा हुआ ईंधन
Petrol Diesel Price Hike : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ने और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल में ₹2.71 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया है। (Petrol Diesel Price Hike)
चार महानगरों में पेट्रोल के नए रेट
दिल्ली – ₹102.12 (+₹2.61)
कोलकाता – ₹113.51 (+₹2.87)
मुंबई – ₹111.21 (+₹2.72)
चेन्नई – ₹107.77 (+₹2.46)
चार महानगरों में डीजल के नए रेट
दिल्ली – ₹95.20 (+₹2.71)
कोलकाता – ₹99.82 (+₹2.80)
मुंबई – ₹97.83 (+₹2.81)
चेन्नई – ₹99.55 (+₹2.57)
विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। माल ढुलाई महंगी होने से खाद्य पदार्थों समेत दैनिक जरूरतों की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। वाहन चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। खासतौर पर मध्यम वर्ग और रोजाना वाहन से सफर करने वाले लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ रहा है।
इधर, विपक्ष ने भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार को टैक्स में कटौती कर जनता को राहत देनी चाहिए। वहीं सरकार का तर्क है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है।
कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने से बढ़े दाम
जानकारी के अनुसार, पिछले करीब चार वर्षों तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ था। हालांकि मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसका असर भारतीय तेल कंपनियों पर भी पड़ा है। नुकसान की भरपाई के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लगातार ईंधन के दाम बढ़ा रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है। (Petrol Diesel Price Hike)
यह भी पढ़े :- हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे, रायपुर प्रेस क्लब में होगा भव्य उत्सव



