Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में 1000 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत, धुले में कई वाहनों की टक्कर में गई 6 की जान

Road Accident in Maharashtra: महाराष्ट्र में बड़े सड़क हादसे हुए हैं। एक ओर रायगढ़ जिले के अंबेनली घाट में एक स्कॉर्पियो SUV करीब 800 से 1000 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 8 युवकों की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर धुले जिले में मुंबई-आगरा हाईवे पर कई वाहनों की टक्कर में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। दोनों हादसों के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने युद्धस्तर पर अभियान चलाया। पहला मामला रायगढ़ जिले के पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग स्थित अंबेनली घाट का है, जहां रविवार देर रात दापोली के हार्ने से सतारा लौट रही स्कॉर्पियो SUV अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी 8 युवकों की मौत हो गई।

यह भी पढे़ं:- Chhattisgarh Cabinet Meeting : सुशासन तिहार के बीच कल होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

पुलिस के मुताबिक मृतक शनिवार रात करीब 2 बजे दापोली से रवाना हुए थे। जब वे तय समय तक सतारा नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान मृतकों के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन पोलादपुर क्षेत्र में मिली, जिसके बाद अंबेनली घाट इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सोमवार सुबह पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम को खाई में बुरी तरह क्षतिग्रस्त SUV दिखाई दी। वाहन का नंबर MH11DN2340 बताया गया है। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और नंबर प्लेट भी टूटकर अलग हो गई। घटना के बाद महाबलेश्वर ट्रेकर्स, प्रतापगढ़ सर्च एंड रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। खाई की गहराई ज्यादा होने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं। (Road Accident in Maharashtra)

धुले में कई वाहनों की टक्कर में 6 की मौत

शुरुआती चरण में दो शव बरामद किए गए, जबकि बाकी शवों की तलाश जारी रही। पुलिस को आशंका है कि घाट क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते SUV सीधे खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान महेश अनिल पवार, आदित्य अशोक सालुंखे, रितेश राजेंद्र लोखंडे, सुहास जितेंद्र लोखंडे, अंश समीर चव्हाण, उत्कर्ष आनंद शिंगटे, अनिल अभिमन्यु शिंगटे और नितिन किसान नायकोंडे के रूप में हुई है। सभी युवक सतारा जिले के असगांव गांव के निवासी हैं। इसी बीच धुले जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक और बड़ा हादसा हुआ। लालिंग घाट इलाके में कई वाहनों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सबसे पहले एक डंपर की ट्रक से टक्कर हुई। (Road Accident in Maharashtra)

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता

हादसे के बाद टोल कर्मचारी और स्थानीय लोग घायलों की मदद में जुटे थे। इसी दौरान मध्य प्रदेश से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पहले से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ी। दूसरी टक्कर इतनी भीषण थी कि बचाव कार्य में लगे एक टोल कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में एक ही दिन में हुए इन दो बड़े हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घाट क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। वहीं हाईवे पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार बसों की टक्कर भी आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और घाट क्षेत्रों व हाईवे पर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!