कर्नाटक में नदी में डूबने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत, सीपियां इकट्ठा करने गए थे सभी

Family Drowned in River: भटकल के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल में दर्दनाक हादसा है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भटकल के शिराली क्षेत्र स्थित तट्ठीहक्कल नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 9 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक शारदाहोल गांव से एक ही परिवार और पड़ोस के कुल 14 लोग शनिवार सुबह नदी में सीपियां निकालने पहुंचे थे। इस इलाके में समुद्र और नदी के संगम क्षेत्र में सीपियां इकट्ठा करना मौसमी काम माना जाता है। शुरुआत में नदी में पानी का बहाव सामान्य था, इसलिए सभी लोग नदी के अंदर उतर गए।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में 1000 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत, धुले में कई वाहनों की टक्कर में गई 6 की जान
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11 बजे अचानक हाई टाइड आने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में गाद ज्यादा होने के कारण लोग तेजी से बाहर नहीं निकल सके। वहीं अधिकांश लोगों को तैरना भी नहीं आता था। ऐसे में एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी ने हाथ पकड़ लिए, लेकिन तेज बहाव ने पूरे समूह को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लोग नदी में बहने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। NDRF के मुताबिक हादसे की जानकारी रविवार शाम करीब 5 बजे मिली थी। इसके बाद देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। (Family Drowned in River)

मृतकों की पहचान लक्ष्मी मदेवा नाइक, लक्ष्मी शिवराम नाइक, मालती जट्टप्पा नाइक, मस्तम्मा मंजूनाथ नाइक, लक्ष्मी अन्नप्पा नाइक, ज्योति नाइक और उमेश मंजूनाथ नाइक समेत अन्य के रूप में हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार और आसपास के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसे में चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं प्रशासन की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के बाद भटकल के सरकारी अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गांव में शोक का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में अचानक पानी बढ़ने से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। (Family Drowned in River)

प्रशासन ने लोगों से बारिश और हाई टाइड के दौरान नदी, नालों और जलाशयों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम खराब होने पर जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। कर्नाटक के भटकल में हुआ यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी त्रासदी है जिसने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। सीपियां इकट्ठा करने निकला एक परिवार कुछ ही पलों में मौत के भंवर में समा गया। किसी ने अपने अपनों को बचाने के लिए हाथ बढ़ाया, तो कोई उसी हाथ को थामे जिंदगी की आखिरी जंग लड़ता रहा। लेकिन तेज बहाव के सामने सभी कोशिशें बेबस साबित हुईं। एक साथ 11 लोगों की मौत ने कई घरों के चिराग बुझा दिए। इस दर्दनाक हादसे ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बारिश और हाई टाइड के दौरान नदी-नालों के आसपास सुरक्षा को लेकर कितनी सतर्कता जरूरी है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, लेकिन जिन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया, उनके लिए यह हादसा जिंदगी भर का जख्म बन गया है।



